आईपीएल का दूसरा प्लेऑफ बेहद तनाव भरा था क्योंकि हारने वाली टीम के लिए आगे का रास्ता बंद हो जाना था, फिर भी मुकाबले के दौरान दोनों टीमों के कप्तानों की पारियों में अनोखा संयोग हो ही गया।
सनराइजर्स हैदराबाद और कोलकाता नाइटराइडर्स के बीच आईपीएल-9 का एलिमिनेटर मुकाबला था और इस मुकाबले में हारने वाली टीम (कोलकाता) का सफर यहीं खत्म हो गया जबकि जीतने वाली टीम को दूसरे क्वालीफायर में गुजरात लायंस के साथ खेलना होगा।
एलिमिनेटर मुकाबले में हैदराबाद और कोलकाता दोनों टीम के कप्तान बड़ी पारी नहीं खेल सके लेकिन इन दोनों की पारियों में 3 अनोखी समानताएं भी हुई जो अपने आप में बेहद दिलचस्प है।
हैदराबाद और कोलकाता के कप्तान क्रमशः डेविड वार्नर और गौतम गंभीर जो बाएं हाथ के बल्लेबाज भी हैं की इस मैच की अनोखी समानताएं भी रहीं।
पहला, दोनों कप्तान 28-28 के स्कोर पर आउट हो गए।
दूसरा, दोनों ने अपने-अपनी पारी में 28-28 गेंदें खेली।
तीसरा, दोनों ने अपनी पारियों में 3-3 बार गेंद को सीमारेखा के पार पहुंचाई। वार्नर ने 3 चौके लगाए तो गंभीर ने 2 चौके के साथ-साथ एक छक्का भी जड़ा।