वीरेंद्र सहवाग को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बाकी बचे दो टेस्ट मैचों से बाहर किए जाने पर आश्चर्य व्यक्त करते हुए पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि महेंद्र सिंह धोनी के इशारे पर ही वीरू को टीम से बाहर किया गया होगा।
उन्होंने कहा, 'यह कहना गलत होगा कि चयन प्रक्रिया में धोनी का कोई हाथ नहीं होता है। अगर कप्तान किसी खास खिलाड़ी की मांग करे तो चयनकर्ताओं के लिए उसे ना कहना बेहद कठिन होता है। भले ही धोनी ने चयन समिति की बैठक में हिस्सा नहीं लिया हो फिर भी उसने जरूर चयनकर्ताओं से इस बारे में जरूर कहा होगा।'
उन्होंने आगे कहा, 'जो भी हो, मैं सहवाग को बाहर किए जाने से बेहद आश्चर्यचकित हूं। सचिन और धोनी भी तो फार्म से जूझते रहे हैं। जब उन्हें बरकरार रखा जा सकता है तो फिर सहवाग के साथ ही ऐसा क्यों।'
सहवाग को सर्वकालिक महान टेस्ट क्रिकेटर बताते हुए गांगुली ने कहा कि अगले दो मैच में टीम इंडिया को जरूर उनकी बेहद कमी खलेगी।