टीम इंडिया में वापसी की कोशिशों में जुटे गौतम गंभीर इन दिनों काउंटी क्रिकेट खेलने इंग्लैंड में हैं, लेकिन वह इस टूर्नामेंट के पहले मैच में कुछ खास नहीं कर सके।
गंभीर लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर हैं और फॉर्म में वापसी के लिए बाएं हाथ का यह बल्लेबाज काउंटी टीम एसेक्स से हाल में जुड़ा है, ताकि अपनी खोई फॉर्म वापस पा सकें।
हालांकि, वह एसेक्स की तरफ से खेलते हुए नॉर्थेम्पटनशायर के खिलाफ 31 रन ही बना पाए। गंभीर काउंटी चैंपियनशिप डिविजन दो में मैच के दूसरे दिन पारी की शुरुआत करते हुए 77 मिनट तक क्रीज पर रहे।
उन्होंने अपनी पारी में 67 गेंदों का सामना किया और 31 रन में पांच चौके भी लगाए। गंभीर को मध्यम तेज गेंदबाज स्टीवन क्रूक ने बोल्ड किया। गंभीर जब आउट हुए तो एसेक्स का स्कोर दो विकेट पर 65 रन था।
कोलचेस्टर में हो रहे मुकाबले के दूसरे दिन स्टंप के समय एसेक्स ने पांच विकेट पर 187 रन बना लिए थे। इससे पहले नॉर्थेम्पटनशायर ने ओपनर और कप्तान स्टीफन पीटर्स (101) और डेविड सेल्स (131) के शतकों से 531 रन का विशाल स्कोर बनाया था।
इस मैच में एसेक्स की तरफ से मोंटी पनेसर भी खेल रहे हैं। बाउंसरों पर पेशाब करने के बाद सुर्खियों में आए पनेसर का पिछले दिनों तलाक हुआ था और उनकी पुरानी टीम ससेक्स ने बाहर कर दिया था। ऐसे में एसेक्स ने उन्हें अपनी टीम में मौका दिया। उन्होंने इस मैच में अपनी टीम को दो सफलताएं भी दिलवाई।