रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज विराट कोहली भले ही आईपीएल में अच्छे प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन उनके धीमे स्ट्राइक रेट को लेकर उन पर लगातार निशाना साधा जा रहा है। इस बीच, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज एबी डिविलियर्स ने आलोचकों को जवाब देते हुए आंकड़ों से प्रेरित क्रिकेट विशेषज्ञों पर निशाना साधा है। डिविलियर्स लंबे समय तक कोहली के साथ आरसीबी टीम का हिस्सा रहे हैं।
आईपीएल के मौजूदा सीजन में 500 रन बना चुके हैं कोहली
कोहली ने आईपीएल के मौजूदा सीजन में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए खेलते हुए 500 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 147 का रहा है। वह आईपीएल 2024 में ऋतुराज गायकवाड़ के बाद सर्वाधिक रन बनाने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। इसके बावजूद कोहली की अक्सर स्पिनरों के खिलाफ बीच के ओवरों में तेजी से रन बनाने में असमर्थता के लिए आलोचना होती रहती है।
'कोहली सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक'
डिविलियर्स ने कोहली को सर्वश्रेष्ठ क्रिकेट खिलाड़ियों में से एक करार दिया है। उन्होंने कहा कि आंकड़ों से प्रेरित विशेषज्ञों का इस दिग्गज खिलाड़ी पर टिप्पणी करना बुद्धिमानी नहीं है। डिविलियर्स ने कहा, कोहली की स्ट्राइक रेट को लेकर आलोचना हो रही है। यह बहुत लंबे समय से चल रहा है और अब मैं इससे तंग आ चुका हूं। मैं कम से कम इतना तो कह सकता हूं कि मैं निराश हूं। यह खिलाड़ी इस खेल के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों में से एक है। उसका आईपीएल में प्रदर्शन शानदार है। वह आरसीबी के लिए निश्चित ही एक भूमिका निभाता है। मैं आंकड़ों से प्रभावित विशेषज्ञों की राय सुन चुका हूं जो कोहली की आलोचना करते हैं, जबकि इन्हें खेल के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है। आपने कितने मैच खेले हैं? आपने कितने आईपीएल शतक बनाए हैं?
उन्होंने कहा, मेरे लिए यह मैच जीतने के बारे है और इसके पीछे एक कारण है कि कोहली 15 साल से ऐसा कर रहे हैं। उन्होंने हर दिन ऐसा किया है। कोहली ने अपनी टीमों के लिए मैच जीते हैं। मुझे पूरा यकीन है कि अगर आप खुद उस स्थिति में नहीं रहे हैं तो बैठकर खेल के बारे में बात करना बिलकुल एक जैसी बात नहीं है। इस सीजन में कोहली का स्ट्राइक रेट उनके रिकॉर्ड तोड़ने वाले सीजन से भी बेहतर है, इसलिए मुझे समझ नहीं आ रहा कि आलोचना कहां से आ रही है।