पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शोएब अख्तर ने पैगंबर मोहम्मद से जुड़े विवाद पर बयान दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा है कि पैगंबर मोहम्मद उनके लिए सब कुछ हैं और उनके सारे काम पैगंबर के लिए ही हैं। उन्होंने पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ बयान का विरोध करते हुए भारत सरकार के फैसले की तारीफ की है। इसके साथ उन्होंने उम्मीद जताई है कि सरकार भविष्य में ऐसी चीजों को रोकने के लिए कदम उठाएगी।
भारत की सत्तारूढ़ पार्टी भाजपा की नेता नुपुर शर्मा ने कथित रूप से पैगंबर मोहम्मद के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया गया। नुपुर ने बाद में अपने बयान को लेकर माफी भी मांगी और कहा कि उन्होंने गुस्से में ये बातों कह दी थीं। शोएब अख्तर ने नुपुर को निलंबित करने के फैसले का समर्थन किया है।
शोएब अख्तर ने क्या लिखा?
शोएब अख्तर ने ट्विटर पर लिखा "पैंगबर मोहम्मद का मान-सम्मान हमारे लिए सब कुछ है। हमारा जीना मरना और कुछ भी करना सिर्फ और सिर्फ उनके लिए है। मैं हमारे पैगंबर मोहम्मद की बेज्जती करने वाले अपमानसूचक बयानों की कठोर निंदा करता हूं। ऐसे शर्मनाक व्यवहार के दोषी व्यक्ति को निलंबित करने के भारत सरकार के फैसले का समर्थन करता हूं। भारत सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए और ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे ऐसी चीजों दोबारा न हों।"