पाकिस्तान के पूर्व कप्तान मोहम्मद यूसुफ ने रविवार को राष्ट्रीय चयनकर्ता पद से इस्तीफा दे दिया है। युसूफ इस साल जून में अमेरिका और वेस्टइंडीज में खेले गए टी20 विश्व कप टीम चयन समिति का हिस्सा थे। पाकिस्तान का प्रदर्शन इस वैश्विक टूर्नामेंट में काफी निराशाजनक रहा था और टीम ग्रुप चरण से आगे बढ़ने में विफल रही थी। इस साल जुलाई में उन्हें और असद शफीक को चयन समिति में बरकरार रखा गया था।
यूसुफ ने एक्स पर लिखा, मैं व्यक्तिगत कारणों से पाकिस्तान क्रिकेट टीम के चयनकर्ता के रूप में अपने इस्तीफे की घोषणा करता हूं। इस बेहतरीन टीम की सेवा करना मेरे लिए शानदार रहा है। मुझे पाकिस्तान क्रिकेट के विकास और सफलता में योगदान देने पर गर्व है। मुझे अपने खिलाड़ियों की प्रतिभा और जज्बे पर बहुत भरोसा है। यह टीम बेहतर होने के अपने प्रयास को जारी रखेगी और मैं टीम को शुभकामनाएं देता हूं।
पीसीबी में कई भूमिका में शामिल रहे यूसुफ
यूसुफ पिछले साल से विभिन्न भूमिकाओं में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) से जुड़े हुए हैं। वह उस राष्ट्रीय चयन समिति का हिस्सा थे जिसमें दो पूर्व टेस्ट खिलाड़ी, मुख्य कोच, कप्तान और एक विश्लेषक शामिल हैं। यूसुफ ने पिछले दो वर्षों में राष्ट्रीय सीनियर टीम के बल्लेबाजी कोच और पाकिस्तान अंडर -19 टीम के मुख्य कोच के रूप में भी काम किया है। वह पाकिस्तान क्रिकेट के लिए एक अनिश्चित काल में चयनकर्ता रहे हैं जहां चयन समिति और इससे जुड़ी प्रणाली को बार-बार बदला गया है। इस वर्ष चयन समिति और प्रणाली में कम से कम दो बार बदलाव हुए हैं। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने इस साल मार्च में पुनर्गठित पुरुषों की राष्ट्रीय चयन समिति की घोषणा की। इसमें सात सदस्य होंगे जिनमें से प्रत्येक के पास समान अधिकार होंगे और चयन से जुड़ा फैसला बहुमत के आधार पर होगा।
आलोचनाओं से निराश थे यूसुफ?
यूसुफ के करीबी एक सूत्र ने कहा कि यह पूर्व बल्लेबाज अपनी आलोचनाओं से खुश नहीं था। उन्हें सबसे ज्यादा निराशा पीसीबी के हितधारकों और जूनियर खिलाड़ियों से मिली आलोचना से हुई। सूत्र ने कहा, वह मीडिया और सोशल मीडिया पर नियमित रूप से आलोचना किए जाने से असहज थे और उन्हें लगा कि उनके लिए सिर्फ कोचिंग पर ध्यान केंद्रित करना अच्छा होगा।