भारत को टी20 विश्व कप का विजेता बनाने में अहम योगदान देने वाले पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट की मजबूती को लेकर बयान दिया है। द्रविड़ का कहना है कि बढ़ते हुए प्रतिभा पूल के कारण आज भारतीय क्रिकेट बेहद शक्तिशाली ताकत के रूप में विकसित हुआ है। पूर्व कप्तान द्रविड़ के अनुसार, यह अब देश के हर कोने तक फैल गया है।
'देश के हर कोने से आ रही प्रतिभाएं'
टी20 विश्व कप में भारत की जीत के सूत्रधार रहे द्रविड़ ने कहा कि एक मजबूत क्लब क्रिकेट संस्कृति का राष्ट्रीय टीम में शहर के क्रिकेटरों के दबदबे की पुरानी प्रवृत्ति को खत्म करने में काफी योगदान है। एक कार्यक्रम के दौरान भारत के पूर्व कोच ने कहा, अगर आप आज भारतीय क्रिकेट को देखें, तो भारतीय क्रिकेट बेहद मजबूत है, यह बेहद शक्तिशाली है। इसका एक बड़ा कारण यह है कि प्रतिभाएं हर जगह से, देश के हर कोने से आती है। मुझे लगता है कि अगर आप जीआर विश्वनाथ के समय में जाएं या जब मैं अपना करियर शुरू कर रहा था, तब भी ज्यादातर प्रतिभाएं बड़े शहरों या कुछ चुनिंदा राज्यों से आती थीं। छोटी जगहों के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को भी क्रिकेट खेलने के लिए बड़े शहरों में आना पड़ता था। मेरा मानना है कि मौजूदा दौर में आप देख रहे हैं कि भारतीय क्रिकेट में हर जगह से खिलाड़ी आ रहे हैं।
द्रविड़ ने भारतीय क्रिकेट के बढ़े हुए स्तर का उदाहरण घरेलू क्रिकेट से दिया। उन्होंने कहा, आप अब रणजी ट्रॉफी के स्तर को देखिए, आप किसी भी टीम को हलके में नहीं ले सकते है। मैं किसी का अनादर नहीं कर रहा हूं लेकिन जब मैंने खेलना शुरू किया था तब दक्षिण क्षेत्र में तमिलनाडु और हैदराबाद को छोड़कर हम अन्य टीमों के प्रति थोड़े आश्वस्त होकर खेलते थे लेकिन अब आप ऐसा नहीं कर सकते है। हर टीम मजबूत है।
कोच के तौर पर सफल रहा था द्रविड़ का कार्यकाल
द्रविड़ का भारतीय टीम के कोच के रूप में कार्यकाल काफी सफल रहा था। उनके कोचिंग में ही भारत 2023 डब्ल्यूटीसी फाइनल, वनडे विश्व कप फाइनल और टी20 विश्व कप का विजेता बनकर उभरा। इसके अलावा टीम ने एशिया कप का खिताब भी अपने नाम किया था। टी20 विश्व कप में भारत को मिली खिताबी जीत के बाद द्रविड़ ने टीम के साथ करार आगे नहीं बढ़ाने का फैसला किया था जिसके बाद गौतम गंभीर को नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया था।