अपने यू-ट्यूब चैनल पर नहीं करेंगे राजनीति की बातें
सिद्धू ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बताया कि यह प्लेटफॉर्म उनके निजी जीवन, क्रिकेट, आध्यात्मिक सहित कई चीजों के बारे में जानकारी देगा। सिद्धू ने कहा, मेरे चैनल पर आपको सबकुछ देखने मिलेगा और इसमें राजनीति की बातें बिल्कुल भी नहीं होगी। इस प्लेटफॉर्म में मैं अधिक समय दूंगा। यह चैनल आपको मेरे जीवन के बारे में बताएगा जिसमें क्रिकेट, आध्यात्मिकता, स्वास्थ्य, कॉमेडी सब पर बात होगी, लेकिन राजनीति की बातें नहीं होंगी।
सिद्धू ने कहा, बचपन से मैं एक अरदास पढ़ता हूं सुबह उठकर, यह बात मैं पहली बार सार्वजनिक तौर पर बता रहा हूं। यह मेरे मां-बाप ने मुझे संस्कार दिए हैं। जीवन में जितने चमत्कार हैं वो संस्कारों के ही हैं, इन्हें उठा डालो भगवान बना देते हैं, गिरा डालो हैवान बना देते हैं। वो अरदास है - हे प्रभु, मुझे सद्भावना का साधन बनाओ। इस जरिये से मैं थोड़ा बदलाव ला सकता हूं, किसी के जीवन को बेहतर कर सकता हूं क्योंकि मैंने जीवन में बहुत संघर्ष किया है। ये याद रखिये कि जीवन में शॉर्टकट कुछ नहीं होता। अचानक कुछ भी नहीं होता, जो भी व्यक्ति बनता है वो संघर्ष से ही बनता है। जिंदगी अगर उलझेगी नहीं तो सुलझेगी कैसे।
सिद्धू ने कहा, यह ऐसा प्लेटफॉर्म होगा जिसमें मैं अपना बहुत समय दूंगा। यह उससे प्रेरित है जो मेरा जीवन चलाते हैं। इसका कैचवर्ड है- पूरा विश्व मेरा परिवार है, सभी मानव जाति मेरे भाई हैं, खुशियां फैलाना और अच्छा करना मेरा धर्म है। यह ऐसा प्लेटफॉर्म है जहां बिना राजनीति की बात किए मैं अपनी जिंदगी का हर लम्हा साझा करूंगा।