मणिपुर में प्रतिबंधित संगठनों के दो कार्यकर्ताओं समेत पांच लोगों को जबरन वसूली और ड्रग तस्करी में शामिल होने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने बताया कि नवगठित चिन कुकी मिजो आर्मी (सीकेएमए) के तीन सदस्यों को चुराचांदपुर जिले में भारत-म्यांमार सीमा पर कथित तौर पर मादक पदार्थों की तस्करी में मदद करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
उन्होंने कहा कि वे चुराचांदपुर के निवासी हैं। उन्होंने म्यांमार के फैसट से मादक पदार्थों की तस्करी में मदद की थी। उनके पास से तीन हथियार, गोला-बारूद और तीन रेडियो सेट बरामद किए गए। वहीं प्रतिबंधित कांगलीपाक कम्युनिस्ट पार्टी (पीडब्ल्यूजी) की एक महिला सदस्य को भी बिष्णुपुर जिले के क्वाकसिपाई से गिरफ्तार किया गया है। वह थौबल क्षेत्र में जबरन वसूली में संलिप्त रही है। पुलिस ने इंफाल पश्चिम जिले के सेकमई से प्रतिबंधित केसीपी (नोयोन) के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया। अधिकारी ने बताया कि वह भी जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्त था।
चुनाव अधिकारियों का प्रशिक्षण शुरू
बिहार चुनाव को लेकर चुनाव आयोग ने बिहार के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों (ईआरओ) और बूथ स्तरीय अधिकारियों (बीएलओ) तथा हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के ईआरओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया। प्रशिक्षण में 369 चुनाव अधिकारी भाग ले रहे हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा कि बीएलओ और ईआरओ के साथ-साथ राजनीतिक दलों द्वारा नियुक्त बूथ स्तरीय एजेंट (बीएलए) सही और अपडेट मतदाता सूची सुनिश्चित करने के लिए जिम्मेदार हैं और उन्हें कानून और नियमों के अनुसार सख्ती से काम करना है। इस महीने की शुरुआत में बिहार के 10 मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के लगभग 280 बीएलए को भी प्रशिक्षित किया गया था। अधिकारियों को ईवीएम और वीवीपैट का तकनीकी प्रदर्शन और प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। साथ ही वोटर हेल्पलाइन एप और बीएलओ एप पर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
हैदराबाद में गांजा बेचने के आरोप में इंजीनियरिंग के छात्र गिरफ्तार
हैदराबाद में हाइड्रोपोनिक गांजा (OG) बेचने के आरोप में मंगलवार को एक बी. आर्क. और तीन इंजीनियरिंग स्नातकों सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने इन लोगों के पास से 1.4 किलोग्राम मारिजुआना और 1.4 करोड़ रुपये मूल्य का अन्य सामान जब्त किया गया।
पुलिस ने मामले में बताया कि जांच में पता चला है कि मध्य प्रदेश के एक आर्किटेक्ट हर्षवर्धन श्रीवास्तव ने हाइड्रोपोनिक गांजा खरीदने के लिए बिचौलिए की भूमिका निभाई थी। उसने एक ऐप का उपयोग करके मादक पदार्थ खरीदा और जरूरतमंद तस्करों को वितरित किया और पुलिस की निगरानी से बचने के लिए VPN का उपयोग करके क्रिप्टोकरेंसी और हवाला का इस्तेमाल किया।
पुलिस ने बताया कि हर्षवर्धन श्रीवास्तव अपना व्यवसाय शुरू करना चाहता था। इस बाबत पूंजी जुटाने के लिए वह गांजे की तस्करी करने में लिप्त हो गया। उसने रेडिट समुदाय और अन्य ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म के माध्यम से ड्रग्स की खरीद और आपूर्ति करना सीखा। इस मामले में शामिल एक पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार किए गए सभी लोगों को स्थानीय अदालत ने न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
राज्यसभा उपचुनाव के लिए भाजपा उम्मीदवार ने किया नामांकन
आंध्र प्रदेश में राज्यसभा की सीट के लिए होने वाले आगामी उपचुनाव में भाजपा के उम्मीदवार पी वेंकट सत्यनारायण ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
उन्होंने विधानसभा में निर्वाचन अधिकारी वनिता रानी को अपना नामांकन पत्र सौंपा। एक आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया, राज्यसभा की सीट पर उपचुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के उम्मीदवार पी वेंकट सत्यनारायण ने मंगलवार को अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। आंध्र प्रदेश में वर्तमान में राजग की सरकार है, जिसमें भाजपा, तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) और जनसेना शामिल हैं। नामांकन के दौरान सत्यनारायण के साथ इस्पात राज्य मंत्री बी श्रीनिवास वर्मा, आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री सत्य कुमार यादव और अन्य नेता मौजूद रहे।
हैदराबाद में ईडी का छापा, 45 कारें 23 लाख रुपये व विदेशी मुद्रा जब्त
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने सरकारी जमीन की कथित अवैध बिक्री से जुड़े धन शोधन के एक मामले में हैदराबाद में छापे दौरान 45 पुरानी कारों के अलावा 23 लाख रुपये नकद और कुछ विदेशी मुद्रा जब्त की है।
ईडी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत सोमवार को हैदराबाद में पांच स्थानों पर तलाशी ली गई। ईडी का मामला तेलंगाना पुलिस की ओर से निजी व्यक्तियों और सरकारी अधिकारियों के खिलाफ सरकारी भूमि की अवैध बिक्री के संबंध में दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है, जिसमें दस्तावेजों की जालसाजी और राजस्व रिकॉर्ड में हेरफेर शामिल है।
मामले का विवरण देते हुए एजेंसी ने कहा कि महेश्वरम मंडल (रंगा रेड्डी जिला) के अंतर्गत नागरम गांव में सरकारी जमीन या 'भूदान' वाली भूमि पर खादरुनिस्सा नामक एक महिला ने अपनी पैतृक संपत्ति के रूप में गलत दावा किया था। राजस्व अभिलेखों में "धोखाधड़ी" से हेराफेरी की गई और कई बिचौलियों के सहयोग से भूमि को विभिन्न संस्थाओं को बेच दिया गया।
पूर्व आईएएस अफसर प्रदीप से जुड़ी 6 करोड़ की संपत्तियां अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने गुजरात के पूर्व आईएएस अधिकारी प्रदीप शर्मा और कुछ अन्य के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत करीब छह करोड़ रुपये की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने मंगलवार को एक बयान में कहा कि धनशोधन रोकथाम अधिनियम के तहत गुजरात के भुज और कच्छ में भूखंडों को अटैच करने का अंतरिम आदेश 25 अप्रैल को जारी किया गया।
मनी लॉन्ड्रिंग का यह मामला गुजरात पुलिस की अपराध शाखा (भुज) की प्राथमिकी पर आधारित है। अपराध शाखा ने शर्मा और संजय शाह नामक व्यक्ति और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी और आपराधिक विश्वासघात के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की थी। ईडी ने आरोप लगाया है कि भुज का जिलाधिकारी रहने के दौरान अपने पद का दुरुपयोग करते हुए शर्मा ने राजस्व अधिकारियों की मिलीभगत से धोखाधड़ी की और अवैध ढंग से बेशकीमती सरकारी जमीन आवंटित की। ईडी ने कहा है कि शर्मा ने विभिन्न सरकारी प्रस्तावों की अवहेलना करते हुए शाह को अवैध रूप से भूमि आवंटित की, जिससे गुजरात सरकार को नुकसान हुआ।
पीएम 43,000 करोड़ की अमरावती परियोजना का दो को करेंगे उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो मई को आंध्र प्रदेश में अमरावती पुनर्निर्माण परियोजना का उद्घाटन करेंगे। इसपर 43,000 करोड़ रुपये की लागत आएगी। आंध्र प्रदेश के नगर निकाय मंत्री पी नारायण ने मंगलवार को विश्वास जताया कि ‘ग्रीनफील्ड’ राजधानी शहर का निर्माण तीन वर्षों में कर लिया जाएगा। नारायण के अनुसार प्रधानमंत्री के दो मई को दोपहर करीब 3.25 बजे यहां पहुंचने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे की 90 प्रतिशत तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। मंत्री ने कहा कि अमरावती के मास्टरप्लान में 365 किमी मुख्य सड़कों और 1,500 किलोमीटर की छोटी सड़कों का निर्माण शामिल है।
श्रीजगन्नाथ मंदिर के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर ठगी, यूपी से दो धरे
पुरी स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के गेस्ट हाउस के नाम पर फर्जी वेबसाइट बनाकर लोगों से ठगी का मामला सामने आया है। इस सिलसिले में ओडिशा की अपराध शाखा ने उत्तर प्रदेश से दो ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें से एक आईटी पेशेवर को आगरा, जबकि उसके सहयोगी को प्रयागराज से पकड़ा गया। उधर, मंदिर प्रशासन ने भक्तों को केवल अधिकृत वेबसाइट www.shreejagannatha.in के माध्यम से कमरे बुक करने की सलाह दी है।
वक्फ के विरोध में ओवैसी का बत्ती गुल अभियान आज
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने वक्फ कानून के विरोध में लोगों से बुधवार को रात 9 बजे 15 मिनट के लिए अपने घरों की लाइटों को बंद रखने की अपील की है। मीडिया से बातचीत करते हुए ओवैसी ने लोगों से वक्फ के विरोध में इस शांतिपूर्ण अभियान को समर्थन देने और बुधवार की रात घरों की लाइटों को बंद रखने की अपील की। मैं लोगों से अपील करता हूं कि वे अपने घरों और दुकानों की लाइटें बंद करके इस विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लें।
चिटफंड मामले में ईडी ने गोल्डनलैंड समूह की 1,428 करोड़ की संपत्ति की अटैच
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने चिटफंड मामले में गोल्डनलैंड ग्रुप ऑफ कंपनीज की 1,428 करोड़ की संपत्ति अटैच की है। ईडी ने मंगलवार को कहा, जांच से पता चला है कि गोल्डन लैंड डेवलपर्स लि. और जीएलपी डेवलपर्स लि. से जुड़े व्यक्तियों, संस्थाओं और कंपनियों ने रियल एस्टेट विकास की आड़ में ओडिशा और आंध्र प्रदेश में जनता से अवैध धन जुटाया गया। ईडी ने आरोप लगाया कि उच्च रिटर्न का झूठा वादा करके निर्दोष लोगों को लुभाकर प्लॉट बुकिंग की आड़ में एकमुश्त जमा, आवर्ती जमा और मासिक निवेश योजनाओं सहित अन्य अवैध वित्तीय कारोबार शुरू किया गया था। इसमें आरोप लगाया गया है कि, बड़े पैमाने पर सहयोगी कंपनियों व निदेशकों एवं सहयोगियों के खातों में नकदी स्थानांतरित किए जाने का भी पता चला है।
बयान में कहा गया है कि ईडी के भुवनेश्वर क्षेत्रीय कार्यालय ने धन शोधन निवारण अधिनियम के प्रावधानों के तहत मेसर्स गोल्डनलैंड ग्रुप ऑफ कंपनीज की 1,428 करोड़ रुपये की वर्तमान कीमत वाली संपत्तियों को अस्थायी रूप से कुर्क किया है। इन संपत्तियों में 15.06 करोड़ रुपये की बैंक जमा राशि और ओडिशा व आंध्र प्रदेश के विभिन्न जिलों में लगभग 1,000 एकड़ जमीन के अलावा कुछ निर्मित इमारतें शामिल हैं। एजेंसी
मणिपुर : ओलावृष्टि से मदद के लिए केंद्र ने दिए 153.36 करोड़
गृह मंत्री अमित शाह की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समिति ने पिछले साल हुई ओलावृष्टि से प्रभावित मणिपुर को 153.36 करोड़ रुपये की अतिरिक्त केंद्रीय सहायता मंजूर की। यह अतिरिक्त सहायता केंद्र की ओर से राज्यों को पहले ही जारी की गई एसडीआरएफ राशि के अतिरिक्त है। वित्त वर्ष 2024-25 में केंद्र ने 28 राज्यों को एसडीआरएफ के तहत 20,264.40 करोड़ और 19 राज्यों को एनडीआरएफ के तहत 5,160.76 करोड़ जारी किए हैं। 19 राज्यों को राज्य आपदा न्यूनीकरण कोष (एसडीएमएफ) से 4,984.25 करोड़ और आठ राज्यों को एनडीएमएफ से 719.72 करोड़ रुपये भी जारी किए गए हैं।
वायनाड का रहने वाला था मंगलूरू लिचिंग में मरने वाला युवक
मंगलूरू में भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या किए जाने के मामले में मारे गए व्यक्ति की पहचान वायनाड निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान केरल के वायनाड जिले के सुल्तान बाथरी तालुक के पुलपल्ली गांव के अशरफ के रूप में हुई है। कर्नाटक के गृह मंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि युवक ने 27 अप्रैल को एक स्थानीय क्रिकेट मैच के दौरान कथित तौर पर पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगाए थे। अशरफ पर लाठियों से हमला किया गया, जिससे उसे कई चोटें आईं। अस्पताल में उसे मृत घोषित कर दिया गया। अधिकारियों ने उसके परिवार को सूचित कर दिया है। उनके जल्द ही मंगलूरु पहुंचने की उम्मीद है। मामले में पांच और लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अब तक 20 लोग गिरफ्तार किए जा चुके हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने समाज सुधारक बसव को दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को 12वीं सदी के प्रसिद्ध समाज सुधारक, दार्शनिक और प्रशासक बसव को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। बसव का जन्म कर्नाटक में हुआ था। एक्स पर एक पोस्ट में मोदी ने कहा कि बसव जयंती के पावन अवसर पर हम जगद्गुरु बसवेश्वर के गहन ज्ञान को याद करते हैं। समाज के लिए उनका दृष्टिकोण और हाशिए पर पड़े लोगों के उत्थान के लिए उनके अथक प्रयास हमारा मार्गदर्शन करते रहेंगे। प्रधानमंत्री ने लोगों को अक्षय तृतीया के अवसर पर शुभकामनाएं दीं और कामना की कि यह पर्व विकसित भारत के निर्माण के संकल्प को नई ताकत प्रदान करे।
पीएम मोदी ने आठ विकास परियोजनाओं की समीक्षा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को प्रगति बैठक के 46वें संस्करण की अध्यक्षता करते हुए देशभर में चल रहीं करीब 90,000 करोड़ रुपये की लागत वाली आठ विकास परियोजनाओं की समीक्षा की। इस दौरान पीएम मोदी ने सभी मंत्रालयों और विभागों को निर्देश देते हुए लाभार्थियों की पहचान बायोमेट्रिक्स आधारित आधार प्रमाणीकरण या सत्यापन के जरिये सख्ती से सुनिश्चित करने को कहा।
सुजाता चतुर्वेदी संघ लोक सेवा आयोग की सदस्य नियुक्त
खेल सचिव सुजाता चतुर्वेदी को संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) का सदस्य नियुक्त किया गया है। अधिकारियों ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि बिहार कैडर की 1989 बैच की भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) अधिकारी चतुर्वेदी बृहस्पतिवार को यूपीएससी सदस्य के रूप में शपथ लेंगी। वह 30 जून को सेवानिवृत्त होने वाली थीं।