बीसीसीआई के पूर्व अध्यक्ष जगमोहन डालमिया के बेटे अभिषेक को बुधवार को बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन (सीएबी) के नए अध्यक्ष के रूप में चुना गया है। वहीं, मौजूदा बीसीसीआई अध्यक्ष सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली को सीएबी का नया सचिव नियुक्त किया गया है।
गौरतलब है कि टीम इंडिया के पूर्व कप्तान सौरभ गांगुली के बीसीसीआई अध्यक्ष बनने के बाद से यह पद खाली था। सामाचर एजेंसी एएनआई के मुताबिक, सीएबी की बैठक में अभिषेक डालमिया को निर्विरोध अध्यक्ष चुना गया, जबकि गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष गांगुली नए सचिव चुने गए हैं।
बता दें कि अभिषेक इससे पहले सीएबी में सचिव पद संभाल रहे थे, जब गांगुली अध्यक्ष थे। मालूम हो कि पिछले साल अक्तूबर में गांगुली ने बीसीसीआई के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाली थी।
बीसीसीआई के मौजूदा अध्यक्ष सौरव गांगुली के बड़े भाई स्नेहाशीष बंगाल के लिए रणजी क्रिकेट खेल चुके हैं। उन्होंने करियर में 59 प्रथम श्रेणी मैच खेले हैं। उन्होंने इन मैचों में छह शतक और 11 अर्धशतकों की मदद से 2534 रन बनाए।