कभी आईपीएल से प्रसिद्धि हासिल करने वाले पॉल वालथटी अब अमेरिका में कोचिंग देते नजर आएंगे। 40 वर्षीय इस पूर्व खिलाड़ी को अमेरिका के टी20 टूर्नामेंट माइनर लीग क्रिकेट की टीम सिएटल थंडरबोल्ट्स का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। वालथटी ने सिएटल में थंडरबोल्ट्स क्रिकेट अकादमी युवाओं के साथ काम करना भी शुरू कर दिया है।
एक वीडियो संदेश में वालथटी ने कहा कि वह सिएटल में युवा खिलाड़ियों को तैयार करने के लिए आईपीएल और मुंबई में अपने अनुभव का इस्तेमाल करने के लिए उत्सुक हैं। वालथटी ने पिछले साल घरेलू क्रिकेट से संन्यास लिया था। इस खिलाड़ी ने 2011 आईपीएल में पंजाब किंग्स (तब किंग्स इलेवन पंजाब) के लिए खेलते हुए काफी प्रभावित किया था। हालांकि, इसके बाद वह अगले सीजन से इस प्रदर्शन को नहीं दोहरा सके थे। इसके कारण ही उन्हें 2013 में आईपीएल करार गंवाना पड़ा था। वालथटी के करियर पर कलाई की चोट के कारण प्रभाव पड़ा जिस वजह से उन्हें सर्जरी करानी पड़ी और इससे उनके फॉर्म पर प्रभाव पड़ा।
माइनर लीग क्रिकेट ने बयान में कहा, सिएटल थंडरबोल्ट्स ने अपनी टीम में बिग हिटर को शामिल किया है। हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि पंजाब किंग्स के पूर्व खिलाड़ी अब थंडरबोल्ट्स टीम के मुख्य कोच होंगे।