भारतीय टीम के पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज दिनेश कार्तिक का कहना है कि उन्हें नहीं लगता बांग्लादेश की टीम भारत के सामने इसी महीने होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज में कोई चुनौती पेश कर सकेगी। भारत और बांग्लादेश के बीच टेस्ट सीरीज की शुरुआत 19 सितंबर से चेन्नई में होने वाले टेस्ट से होगी। दोनों देशों के बीच नवंबर 2019 में पिंक टेस्ट के बाद से पहली बार भारत बांग्लादेशी टीम की इस प्रारूप में मेजबानी करेगा।
बांग्लादेश की टीम इस सीरीज में आत्मविश्वास के साथ उतरेगी क्योंकि उसने हाल ही में पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हराया है। हालांकि, उनके लिए भारतीय टीम को घर में हराना एक बड़ी चुनौती होगी। नजमुल हुसैन शांतो की अगुआई वाली टीम उच्च स्तर पर खुद को साबित करने उतरेगी। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (बीसीबी) ने भारत के खिलाफ सीरीज के लिए टीम घोषित की थी।
कार्तिक ने कहा, मैं व्यक्तिगत रूप से नहीं सोचता कि बांग्लादेश भारत को कड़ी चुनौती देगा। भारत को भारत में हराना एक बड़ी चुनौती है। हालांकि बांग्लादेश ने पाकिस्तान में अच्छा खेला है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि वे भारत को ज्यादा परेशान कर पाएंगे।
पंत की हुई है टेस्ट टीम में वापसी
बांग्लादेश के खिलाफ सीरीज से विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की भारतीय टेस्ट टीम में वापसी होगी। पंत 2022 में एक कार दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल होने के बाद करीब 20 महीने बाद लाल गेंद के प्रारूप में भारत के लिए खेलेंगे। रोहित शर्मा इस सीरीज में टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि विराट कोहली और जसप्रीत बुमराह जैसे स्टार खिलाड़ी भी इस सीरीज का हिस्सा होंगे। आकाश दीप को भी बांग्लादेश के खिलाफ मौका मिला है, जबकि युवा तेज गेंदबाज यश दयाल को पहली बार टीम में लिया गया है।
बांग्लादेश के खिलाफ भारी है भारत का पलड़ा
भारत और बांग्लादेश के खिलाफ आंकड़ों को देखें तो भारत का पलड़ा भारी है। वर्ष 2001 से टेस्ट में दोनों टीमें 13 बार एक दूसरे से भिड़ी हैं जिसमें से भारत 11 बार जीता है, जबकि बांग्लादेश कभी भी इस प्रारूप में भारत के खिलाफ जीत नहीं दर्ज कर सका है। दोनों टीमों के बीच दो मैच ड्रॉ पर समाप्त हुए हैं।