तमिलनाडु के चिदंबरम के पास गुरुवार को एक कार और लॉरी की टक्कर में एक बच्चे सहित पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह लोग चेन्नई से मयिलादुथुरई जा रहे थे, जब लॉरी ने उनके वाहन को टक्कर मार दी। इसमें सवार सभी पांच लोगों की मौत हो गई। अधिकारी ने बताया कि लॉरी चालक और क्लीनर मौके से फरार हो गए। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने क्षतिग्रस्त कार से शवों को बाहर निकाला।
गुजरात के पाटन में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान एक ही परिवार के चार लोगों की डूबने से मौत
गुजरात के पाटन जिले में भगवान गणेश की मूर्ति विसर्जन के दौरान एक महिला, उसके दो किशोर बेटे और भाई नदी में डूब गए। एक अधिकारी ने बताया कि बुधवार शाम को पाटन कस्बे के पास सरस्वती नदी के पानी में मूर्ति विसर्जन के दौरान सात लोग बह गए।
कलेक्टर अरविंद विजयन ने बताया कि स्थानीय लोगों ने दो पुरुषों और एक महिला को तुरंत बचा लिया, जबकि एक परिवार के चार सदस्य लापता हैं। लापता लोगों के बारे में पता चलने के बाद जिला प्रशासन ने पाटन, मेहसाणा और सिद्धपुर शहरों से 15 गोताखोरों को बुलाया।
विजयन ने कहा कि रात में तलाशी क्षेत्र में हेडलाइट का इस्तेमाल करने के लिए 15 ट्रैक्टरों और अर्थमूवर्स को भी तैनात किया गया था। उन्होंने बताया कि गहन खोज और बचाव अभियान के बाद गुरुवार तड़के लापता चार लोगों के शव बरामद किए गए। चारों मृतकों की पहचान शीतल प्रजापति (37), उसके बेटे दक्ष (17) और जिमित (15) और उसके भाई नयन प्रजापति (30) के रूप में हुई है।
ओडिशा सीएम से उच्च शिक्षा में ओबीसी छात्रों को 27% आरक्षण देने को लिखेंगे: अठावले
केंद्रीय मंत्री रामदास अठावले ने कहा कि वह ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर उच्च शिक्षा में ओबीसी छात्रों के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने का आग्रह करेंगे। केंद्रीय सामाजिक न्याय और अधिकारिता राज्य मंत्री आठवले ने बुधवार को पत्रकारों से बात की। उन्होंने कहा कि भारत भर के कई राज्य पहले से ही ओबीसी छात्रों को 27 प्रतिशत आरक्षण देते हैं। इस दौरान अठावले ने विभिन्न समुदायों के जनसंख्या वितरण को निर्धारित करने के लिए जाति-आधारित जनगणना की अपनी पार्टी की मांग पर जोर दिया। केंद्रीय मंत्री ने ओडिशा में अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) के खिलाफ अत्याचार की बढ़ती संख्या पर भी चिंता व्यक्त की।
वर्तमान में ओडिशा की दो दिवसीय आधिकारिक यात्रा पर, अठावले ने अपना पहला दिन विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के कार्यान्वयन की समीक्षा में बिताया। इनमें अनुसूचित जाति के लिए विशेष घटक योजना, एससी/ओबीसी छात्रों के लिए छात्रवृत्ति, एससी/एसटी के लिए अत्याचार अधिनियम, अंतरजातीय विवाहित जोड़ों के लिए प्रोत्साहन, एससी/एसटी छात्रों के लिए छात्रावास, वृद्धाश्रम, पेंशन और विकलांग व्यक्तियों (पीडब्ल्यूडी) का सशक्तिकरण कार्यक्रम शामिल हैं।
ईडी ने कोलकाता में तलाशी के दौरान 12.96 लाख की विदेशी मुद्रा जब्त की
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने कोलकाता और मुंबई में विभिन्न स्थानों पर विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा), 1999 के तहत की गई तलाशी के दौरान 12.96 लाख रुपये की विदेशी मुद्रा जब्त की है। एजेंसी ने यह तलाशी एक्सिस म्यूचुअल फंड के संबंध में फ्रंट-रनिंग व्यवसाय में चल रही जांच के सिलसिले में ली थी।
ईडी के मुताबिक, 9 सितंबर को तलाशी अभियान के दौरान ईडी के मुंबई जोनल कार्यालय की ओर से विदेशी अचल संपत्तियों, विदेशी बैंक खातों और डिजिटल उपकरणों से संबंधित विभिन्न दस्तावेज भी जब्त किए गए थे। निदेशालय ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) द्वारा पारित अंतरिम आदेश के आधार पर जांच शुरू की है। एक्सिस म्यूचुअल फंड के पूर्व फंड मैनेजर वीरेश जोशी और अन्य के खिलाफ लगभग 30.56 करोड़ रुपये का गलत लाभ अर्जित करने का आरोप लगाया गया था। फ्रंट रनिंग उस चलन के लिए इस्तेमाल किया जाता है जिसमें एक ब्रोकर अपने ग्राहकों के लंबित ऑर्डर से संबंधित जानकारी का लाभ उठाते हुए खुद शेयर की खरीद करता है।
भ्रामक प्रचार पर आईड्रॉप प्रेस्वू का लाइसेंस रद्द
बिना चश्मे के पढ़ने-लिखने का भ्रामक प्रचार करने पर सरकार ने चर्चित आईड्रॉप प्रेस्वू का लाइसेंस निरस्त कर दिया। औषधि महानिदेशक ने बुधवार को जारी आदेश में एटोड फार्मा कंपनी के उन दावों को खारिज किया, जिसमें प्रेस्वू आईड्रॉप को देश का पहला ऐसा उत्पाद बताया, जिसके जरिये लोगों को चश्मा से छुटकारा मिल सकता है।
औषधि महानिदेशक डॉ. राजीव सिंह रघुवंशी ने कहा कि भ्रामक प्रचार को गंभीरता से लेते हुए नियामक ने अगले आदेश तक अनुमति निलंबित करने का फैसला किया है। एक सप्ताह पहले फार्मा कंपनी ने दिल्ली में एक कार्यक्रम में आईड्रॉप लॉन्च करते हुए दावे किए कि प्रेसबायोपिया रोगियों के लिए इस आईड्रॉप से चश्मे को कुछ ही समय में हटाया जा सकता है।
मणिपुर में छिटपुट घटनाओं के बीच स्थिति नियंत्रण में
मणिपुर में पिछले कुछ दिनों से चल रहे छात्रों के विरोध प्रदर्शन के बीच बुधवार को छिटपुट घटनाओं के बीच अपेक्षाकृत शांति रही। सीआरपीएफ के डीआईजी मनीष कुमार सचर ने कहा, मंगलवार को छात्रों-पुलिस में झड़प के बाद अब स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। सुरक्षा बल उपद्रव करने वालों से सख्ती से निपट रहे हैं। उन्होंने बताया कि सीआरपीएफ, असम राइफल्स व मणिपुर पुलिस के कमांडो कुकी आबादी वाले क्षेत्र कांगपोकपी और मैतेई क्षेत्र पश्चिमी इंफाल में तैनात हैं। सीआरपीएफ कैंप पर हमले की सूचना है, लेकिन कोई नुकसान नहीं हुआ है।
डिब्रूगढ़ में दो ग्रेनेड बरामद
असम के डिब्रूगढ़ जिले के एक गांव में गुरुवार को तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने दो ग्रेनेड बरामद किए। पुलिस ने बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर पुलिस और सीआरपीएफ की एक संयुक्त टीम ने देर रात करीब दो बजे मोरान इलाके में ज्योतिनी गांव के निकट तलाश अभियान शुरू किया था। तलाशी के दौरान एक बड़े पेड़ के नीचे छिपाकर रखे गए दो बोतल ग्रेनेड बरामद किए गए। असम के डीजीपी जीपी सिंह ने बताया कि ऊपरी असम में हिंसा की योजना को नाकाम कर दिया गया। डिब्रूगढ़ में दो ग्रेनेड बरामद किए गए हैं।
जाफर सादिक के खिलाफ चार्जशीट दायर
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने ड्रग्स से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में डीएमके से निष्कासित पदाधिकारी जाफर सादिक, उनके परिवार के कुछ सदस्यों और सहयोगियों के खिलाफ आरोप पत्र दायर किया है। आधिकारिक सूत्रों ने बुधवार को बताया कि संघीय एजेंसी ने धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) के तहत विभिन्न धाराएं लगाई हैं और इस सप्ताह दायर अभियोजन शिकायत में सादिक, उनकी पत्नी अमीना बानो, उनके भाई मोहम्मद सलीम के अलावा अन्य को भी नामित किया है। यहां की विशेष पीएमएलए अदालत ने अभी तक आरोप पत्र पर संज्ञान नहीं लिया है। एजेंसी ने हाल ही में इस जांच के तहत सादिक और उसके कुछ सहयोगियों की 55 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त की थी। 36 वर्षीय सादिक को ईडी ने जून में गिरफ्तार किया था, जबकि उसके भाई सलीम को अगस्त में हिरासत में लिया था। एजेंसी ने उनकी पत्नी से पूछताछ की।
ईडी ने आरोप लगाया कि सादिक अपने भाई और अन्य लोगों के साथ मिलकर स्यूडोएफेड्रिन और अन्य नशीले पदार्थों के छिपे हुए निर्यात में सक्रिय रूप से शामिल था। आरोप लगाया कि सादिक और उसके सहयोगियों ने रियल एस्टेट, फिल्म निर्माण, आतिथ्य और लॉजिस्टिक्स जैसे विभिन्न वैध उद्यमों में निवेश करके अपने ड्रग संचालन से अपराध की आय को वैध बनाया।
HC ने सिद्धरमैया की याचिका पर सुरक्षित रखा फैसला
कर्नाटक उच्च न्यायालय ने मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस याचिका पर बृहस्पतिवार को सुनवाई पूरी कर ली, जिसमें मैसूरु शहरी विकास प्राधिकरण (एमयूडीए) मामले में उनके खिलाफ अभियोग चलाने के लिए राज्यपाल थावरचंद गहलोत की तरफ से दी गई मंजूरी की वैधता को चुनौती दी गई थी। अदालत ने मामले में फैसला सुरक्षित रख लिया। अदालत ने 19 अगस्त के अपने उस अंतरिम आदेश की अवधि भी आगे बढ़ा दी, जिसमें विशेष जनप्रतिनिधि अदालत को निर्देश दिया गया था कि वह सिद्धरमैया के खिलाफ शिकायतों की सुनवाई को इस याचिका के निपटारे तक टाल दें। न्यायमूर्ति एम. नागप्रसन्ना ने सुनवाई पूरी करने के बाद कहा, आदेश सुरक्षित रखा जाता है। अंतरिम आदेश याचिका के निपटारे तक जारी रहेगा।
राज्यपाल ने प्रदीप कुमार एस.पी., टी.जे. अब्राहम और स्नेहमयी कृष्णा की याचिकाओं में उल्लिखित कथित अपराधों के लिए 16 अगस्त को भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 17ए और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता, 2023 की धारा 218 के तहत मुकदमा चलाने की मंजूरी दी थी। जबकि सीएम सिद्धरमैया ने 19 अगस्त को राज्यपाल के आदेश की वैधता को चुनौती देते हुए उच्च न्यायालय का रुख किया था।
अतिक्रमण हटाने के दौरान पुलिस पर हमला, पुलिस ने चलाईं गोलियां
असम के कामरूप (महानगर) जिले में कथित अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के दौरान भीड़ ने हमला किया और इस दौरान हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस ने गोलियां चलाईं। अधिकारियों ने बताया कि सोनापुर अंचल कार्यालय और पुलिस की एक टीम जिले के कोचुटोली गांव में ग्रामीणों से भूमि खाली कराने गई थी। इस जगह से ग्रामीणों को पहले भी हटाया गया था, लेकिन उन्होंने फिर अतिक्रमण कर लिया था।
उन्होंने बताया कि ग्रामीणों ने अधिकारियों और पुलिस पर धारदार हथियारों, लाठियों और पत्थरों से हमला किया, जिसमें एक मजिस्ट्रेट और 10 से अधिक पुलिसकर्मी घायल हो गए। हमले में एक पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गया। इसके जवाब में पुलिस ने हमलावरों को तितर-बितर करने के लिए गोलियां चलाईं और अतिरिक्त सुरक्षा बलों को मौके पर भेजा गया।
जिरिबाम में PHC में लगायी गई आग, कोई हताहत नहीं
मणिपुर में आगजनी की एक ताजा घटना में गुरुवार को जिरिबाम जिले में अज्ञात लोगों ने एक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आग लगा दी। अधिकारियों ने बताया कि ये वारदात बोरोबेकरा इलाके में हुई जो पुलिस चौकी से 200 मीटर से भी कम दूरी पर स्थित है। हालांकि गनीमत ये रही कि वारदात के समय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के अंदर कोई मौजूद नहीं था इसलिए किसी के घायल होने की खबर नहीं है। वहीं इस वारदात की सूचना पर सुरक्षा बल मौके पर पहुंच गए हैं। इससे पहले सात सितम्बर को जिरिबाम में हिंसा की एक ताजा घटना में पांच लोगों की मौत हो गयी थी।