अभी तक आपने भारतीय मूल के खिलाड़ियों को इंग्लैंड, वेस्टइंडीज, दक्षिण अफ्रीका के अलावा कई अन्य विदेशी टीमों की ओर से खेलता देखा होगा लेकिन अब आप जल्द ही एक युवा भारतीय सितारे को ऑस्ट्रेलिया की टीम से खेलते देखेंगे।
इस उभरते क्रिकेटर को 16 जनवरी से ऑस्ट्रेलिया में खेली जानी वाली त्रिकोणीय वनडे सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलियाई टीम में शामिल किया गया है। सीरीज में भाग लेने वाली 2 अन्य टीमें हैं भारत और इंग्लैंड।
हम यहां जिस खिलाड़ी की बात कर रहे हैं उसका नाम है गुरिंदर संधू। तेज गेंदबाज संधू न्यू साउथ वेल्स और सिडनी थंडर के लिए खेलते हैं और उनका प्रदर्शन ऑस्ट्रेलिया में खेली जा रही बिग बैश टी-20 लीग में बेहद शानदार रहा है। बिग बैश में उनके प्रदर्शन को देखते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने उन्हें त्रिकोणीय सीरीज के लिए कंगारू टीम में शामिल किया है।