वर्ल्ड कप की सर्वश्रेष्ठ पारी खेल कर दर्शकों को रोमांचित करने वाले मार्टिन गुप्टिल नए बल्लेबाज बन गए हैं। एक महीना भी नहीं हुआ, जब जिम्बाब्वे के खिलाफ 215 रनों की पारी खेलने वाले क्रिस गेल के नाम यह रिकॉर्ड था।
शनिवार को वेलिंगटन में गेल सिर्फ असहाय होकर गुप्टिल को अपना रिकॉर्ड तोड़ते हुए देखते रहे। 237! ज्यादा समय नहीं बीता है, जब इस स्कोर को एक चुनौतीपूर्ण टीम स्कोर माना जाता था और अब एक अकेले खिलाड़ी इतने रन बना रहा है।
गेंदबाजों की ओर से मैं यह कहना चाहूंगा कि जिस दिशा में क्रिकेट जा रहा है, वह मुझे बिल्कुल भी पसंद नहीं है। वनडे क्रिकेट में पिछले कुछ वर्षों में कई नियमों में बदलाव हुआ और मुझे जिस नियम से सबसे ज्यादा तकलीफ हुई है, वह है पांचवें खिलाड़ी को घेरे से बाहर नहीं रखने का फैसला।
मेरा मानना है कि आईसीसी को इस नियम को लेकर गंभीरता से विचार करना चाहिए और आदर्श स्थिति यही होगी कि इस नियम को हटा लिया जाए। मुझे पता है कि दर्शक हाई स्कोरिंग मैच और बड़े शॉट्स देखना चाहते हैं। लेकिन जहां तक वनडे क्रिकेट की बात है, तो वह हमेशा से ही बल्लेबाजों के पक्ष में रहा है। उस पर आए दिन छोटी होती बाउंड्री और लगातार बदलते बैट के साइज के बीच बल्लेबाजों को यह अतिरिक्त सुविधा देने की क्या सच में कोई जरूरत है?
इस नियम को छोड़कर बाकी सब बदलाव मुझे मंजूर हैं। बारीकी से अध्ययन करेंगे तो पाएंगे बल्ले और गेंद के बीच असुंतलन लगातार बढ़ता जा रहा है, जो कि बेहद चिंता की बात है। टीमें लगातार 400 प्लस का स्कोर बना रही हैं, जिससे मैच पहली पारी के बाद ही खत्म हो जाता है।
मंगलवार को न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच होने वाले सेमीफाइनल की बात करूं, तो मुझे लगता है कि मेजबान टीम का पलड़ा भारी होगा। (पीएमजी/ग्रुपएम ईएसपी)