टी20 विश्व कप 2024 के लिए मंगलवार को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने भारतीय टीम का एलान कर दिया। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया विश्व कप में खेलती नजर आएगी। वहीं, हार्दिक पांड्या उप-कप्तानी का जिम्मा संभालेंगे। इस टीम में संजू सैमसन और ऋषभ पंत को बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज टीम में शामिल किया गया है। वहीं, कएल राहुल को इस टीम का हिस्सा नहीं बनाया गया है। हैरानी की बात यह है कि इस टीम में रिंकू सिंह को रिजर्व खिलाड़ी के तौर पर शामिल किया गया है। उन्हें 15 सदस्यीय मेन स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बनाया गया है।
शानदार स्ट्राइक रेट के बावजूद नहीं मिला रिंकू सिंह को मौका
कोलकाता नाइट राइडर्स के स्टार फिनिशर तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के यश दयाल के खिलाफ लगातार पांच छक्के लगाकर टीम को जीत दिलाई थी। रिंकू ने अगस्त 2023 में आयरलैंड के खिलाफ भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में डेब्यू किया था। 15 मैचों में विस्फोटक बल्लेबाज ने 176.23 के जबरदस्त स्ट्राइक रेट से 356 रन बनाए हैं। इनमें से सात मौकों पर वह नाबाद रहे और टीम को शानदार जीत दिलाने में मदद की है। वहीं, आईपीएल 2024 में उन्होंने नौ मैचों में 123 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 150 का रहा है।
केएल राहुल पर मिली पंत-सैमसन को तरजीह
वहीं, दूसरी तरफ केएल राहुल की जगह ऋषभ पंत और संजू सैमसन को टीम का हिस्सा बनाया गया है। माना जा रहा है कि अपने खराब स्ट्राइक रेट की वजह से उन्हें टी20 विश्व कप स्क्वॉड का हिस्सा नहीं बनाया गया है। विकेटकीपर बल्लेबाज ने 72 मैचों में 2265 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 139.12 रहा है। आईपीएल 2024 के मौजूदा संस्करण में लखनऊ सुपर जाएंट्स के कप्तान राहुल ने नौ मैचों में 144.27 की स्ट्राइक रेट से 378 रन बनाए हैं। रिंकू सिंह और केएल राहुल के टीम में सेलेक्ट नहीं होने पर फैंस जमकर रिएक्ट कर रहे हैं।
शशि थरूर ने भी किया रिएक्ट
केरल के बल्लेबाज संजू सैमसन को भारत की टी20 विश्व कप 2024 टीम में चुने जाने पर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने भी प्रतिक्रिया दी है। सैमसन को पहली बार विश्व कप के लिए भारतीय टीम में चुना गया है। शशि थरूर ने संजू सैमसन के चयन पर खुशी व्यक्त करते हुए सोशल मीडिया पर खास पोस्ट किया। उन्होंने कहा, "टी20 विश्व कप 2024 के लिए एक उत्कृष्ट टीम चुनने पर बीसीसीआई के चयनकर्ताओं को बधाई। खुशी है कि मेरे निर्वाचन क्षेत्र का अंततः क्रिकेट विश्व कप में प्रतिनिधित्व किया जाएगा और संजू सैमसन को आखिरकार मौका मिल गया है। यह टीम ट्रॉफी वापस लाएगी।"
टी20 विश्व कप के लिए भारतीय टीम: रोहित शर्मा, यशस्वी जायसवाल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या (उपकप्तान), शिवम दुबे, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, कुलदीप यादव, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
रिजर्वः शुभमन गिल, रिंकू सिंह, खलील अहमद, आवेश खान।