पाकिस्तान के मध्यम गति की गेंदबाज फहीम अशरफ ने शुक्रवार को श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 इंटरनेशनल मैच में हैट्रिक लेकर इतिहास रच दिया। वो फटाफट क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले पाकिस्तान के पहले गेंदबाज बन गए हैं। वहीं फहीम टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले विश्व के छठे गेंदबाज बने।
23 वर्षीय ऑलराउंडर ने मैच में 3 ओवर किए और 16 रन देकर तीन विकेट चटकाए। उनकी शानदार गेंदबाजी की मदद से श्रीलंका की टीम निर्धारित 20 ओवर में 9 विकेट पर 124 रन ही बना सकी। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर श्रीलंका को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया।
ये भी पढ़ें: शादाब खान ने खेली 'स्पेशल' पारी, पाक ने रोमांचक मैच में श्रीलंका को 2 विकेट से हराया
पारी के 19वें ओवर की चौथी गेंद पर फहीम ने सबसे पहले इसुरु उडाना को अपना शिकार बनाया। उडाना ने पुल शॉट खेला और हसन अली ने उनका आसान कैच लपका। अगली ही गेंद पर फहीम ने महेला उदावत्ते को बाबर आजम के हाथों कैच आउट करा दिया।
दासुन शनाका ने नॉन स्ट्राइकर्स छोर से लगातार दो विकेट गिरते देखे। जब उदावत्ते आउट हुए तब बल्लेबाजों ने अपना छोर बदल लिया था और ऐसे में शनाका स्ट्राइकर एंड पर आए। फहीम ने एंगल बनाते हुए गेंद डाली जो सीधे शनाका के पेड पर जाकर लगी। पाकिस्तानी खिलाड़ियों ने LBW की जोरदार अपील की और अंपायर ने बेझिझक अपनी उंगली उठा दी।
इस तरह फहीम रिकॉर्ड्स बुक में छा गए। वो टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में हैट्रिक लेने वाले विश्व के छठे गेंदबाज बने। फहीम से पहले ऑस्ट्रेलिया के पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली (2007), न्यूजीलैंड के पूर्व तेज गेंदबाज जेकब ओरम (2009), न्यूजीलैंड के ही टीम साउदी (2010) और श्रीलंका के थिसारा परेरा (2016) व लसिथ मलिंगा (2017) यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं।