महिला विश्व कप के अपने छठें मैच में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को नौ विकेट से हराकर बड़ी जीत दर्ज की है। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड की टीम अंकतालिका में चौथे नंबर पर आ गई है और उसका सेमीफाइनल में पहुंचना लगभग तय हो गया है। वहीं भारत के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है। अब सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत को हर हाल में अपना आखिरी मैच जीतना होगा। वहीं ऑस्ट्रेलिया के बाद दक्षिण अफ्रीका की टीम भी सेमीफाइनल में पहुंच चुकी है। बाकी के दो स्थानों के लिए वेस्टइंडीज , इंग्लैंड और भारत के बीच मुकाबला है।
इंग्लैंड के खिलाफ मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 105 रन का स्कोर बनाया था। इसके जवाब में इंग्लैंड ने 20 ओवर के अंदर एक विकेट खोकर लक्ष्य का पीछा कर लिया।
पाकिस्तान के बल्लेबाजों का फ्लॉप शो
इंग्लैंड की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब थी। पहला विकेट शून्य के स्कोर पर ही गिर गया। टीम का स्कोर 58 रन पहुंचने तक पांच बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। अमीन और नवाज के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर पाया और पूरी टीम 41.3 ओवरों में 105 रन बनाकर आउट हो गई। अमीन ने सबसे ज्यादा 32 रन बनाए। उनके अलावा सिदरा नवाज ने 23 और सोहेल ने 11 रन की पारी खेली इनके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा नहीं छू पाया।
इंग्लैंड की ब्रंट और एकलेस्टन ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं कप्तान नाइट और क्रॉस को एक-एक विकेट मिला। दो पाकिस्तानी बल्लेबाज रन आउट हुए।
इंग्लैंड ने 20 ओवर के अंदर जीता मैच
106 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत भी बहुत अच्छी नहीं थी और टीम का पहला विकेट 20 रन के स्कोर पर गिर गया था। बेमाउंट दो रन के स्कोर पर आउट हो गई थीं। इसके बाद डेनियव वॉट और कप्तान हीदर नाइट ने अपनी टीम को कोई झटका नहीं लगने दिया और 97 रन की बेहतरीन साझेदारी कर जीत दिला दी। डेनियल वॉट ने 76 और कप्तान नाइट ने 24 रन बनाए।
अंकतालिका में चौथे नंबर पर पहुंचा इंग्लैंड
इंग्लैंड की टीम लगातार तीसरी जीत के साथ अंकतालिका में चौथे स्थान पर आ गई है और अब इंग्लैंड के सेमीफाइनल में पहुंचने की राह आसान हो गई है। छह मैचों में इंग्लैंड के पास छह अंक हैं और आखिरी मैच बांग्लादेश के खिलाफ है। यह मैच जीतकर इंग्लैंड की टीम आसानी से सेमीफाइनल में जगह बना सकती है। आठ अंक होने पर इंग्लैंड का सेमीफाइन खेलना तय है।