सैम बिलिंग्स और लियाम लिविंगस्टोन के शानदार प्रदर्शन के दम पर इंग्लैंड ने वर्षाबाधित दूसरे टी-20 मैच में श्रीलंका को पांच विकेट से हराकर श्रृंखला अपने नाम कर ली। इंग्लैंड ने 112 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एक समय चार विकेट 36 रन पर गंवा दिए थे। बारिश के कारण बाद में लक्ष्य 18 ओवर में 103 रन कर दिया गया। बिलिंग्स और लिविंगस्टोन ने 48 गेंद में 54 रन की साझेदारी की।
बिलिंग्स ने 24 और लिविंगस्टोन ने नाबाद 29 रन बनाए। सैम करन 16 रन बनाकर नाबाद रहे। इंग्लैंड ने पांच विकेट और 11 गेंद बाकी रहते लक्ष्य हासिल कर लिया। इससे पहले श्रीलंका की टीम टॉस जीतकर बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 111 रन ही बना सकी थी। इंग्लैंड के लिए मार्क वुड और आदिल रशीद ने दो दो विकेट लिए। श्रीलंका के लिए कुसल मेंडिस ने 39 गेंद में 39 रन बनाए। उनके अलावा कप्तान कुसाल परेरा (21) और इसुरू उडाना (19) ही दोहरे अंक तक पहुंच सके। बता दें कि दोनों टीमों के बीच तीसरा टी-20 26 जून यानी शनिवार को खेला जाएगा।