श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 326 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 205 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लिश टीम ने जो रूट के नाबाद अर्धशतक की बदौलत पांच विकेट गंवाकर जीत हासिल की। रूट ने इसी के साथ टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में राहुल द्रविड़ और एलेन बॉर्डर को पीछे छोड़ दिया।
इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज खेली जा रही है। मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले गए पहले टेस्ट में ओली पोप के नेतृत्व वाली इंग्लैंड टीम ने पांच विकेट से जीत हासिल की। पोप ने भी अपने कप्तानी करियर का आगाज शानदार अंदाज में किया है। वह बेन स्टोक्स के चोटिल होने और लंबे समय के लिए बाहर होने के बाद इंग्लैंड के कप्तान चुने गए हैं। धनंजय डी सिल्वा की कप्तानी वाली श्रीलंकाई टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। श्रीलंका ने अपनी पहली पारी में 236 रन बनाए थे। जवाब में इंग्लैंड ने 358 रन बनाए और 122 रन की बढ़त हासिल की। इसके बाद श्रीलंका ने अपनी दूसरी पारी में 326 रन बनाए और इंग्लैंड के सामने 205 रन का लक्ष्य रखा। जवाब में इंग्लिश टीम ने जो रूट के नाबाद अर्धशतक की बदौलत पांच विकेट गंवाकर जीत हासिल की। रूट ने इसी के साथ टेस्ट में सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने के मामले में राहुल द्रविड़ और एलेन बॉर्डर को पीछे छोड़ दिया।
विज्ञापन
रूट के नाम अब टेस्ट में 64 अर्धशतक हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलिया के महान बल्लेबाज बॉर्डर और भारत के महान बल्लेबाज द्रविड़ ने 63-63 अर्धशतक लगाए थे। रिकी पोंटिंग ने 62 अर्धशतक लगाए थे। रूट से आगे अब बस मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर (68 अर्धशतक) और वेस्टइंडीज के महान बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपॉल (66 अर्धशतक) हैं। इतना ही नहीं रूट इंग्लैंड के लिए चौथी पारी में दूसरे सबसे ज्यादा 50+ रन बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। इंग्लैंड के लिए चौथी पारी में सबसे ज्यादा बार 50+ के स्कोर माइक एथरटन और एलिस्टेयर कुक ने बनाए हैं। दोनों ने 11-11 बार ऐसा किया है। वहीं, रूट और ज्यॉफ बॉयकॉट ने 10-10 बार ऐसा किया है। रूट मैनचेस्टर के मैदान पर सबसे ज्यादा 50+ का स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने आठ बार ऐसा किया है, जबकि इंग्लैंड के ही इयान बेल और डेनिस कॉम्पटन ने सात-सात बार ऐसा किया था।
श्रीलंका ने पहली पारी में 236 रन बनाए थे। टीम के लिए कप्तान धनंजय ने सबसे ज्यादा 74 रन का योगदान दिया था। इसके अलावा मिलन रत्नायके ने 72 रन बनाए थे। वहीं, कुसल मेंडिस ने 24 रन, दिनेश चांदीमल ने 17 रन, कामिंदु मेंडिस ने 12 रन, विश्वा फर्नांडो ने 13 रन और प्रभात जयसूर्या ने 10 रन का योगदान दिया था। इंग्लैंड की ओर से क्रिस वोक्स और शोएब बशीर ने तीन-तीन विकेट लिए थे, जबकि गस एटकिंसन को दो विकेट मिले। मार्क वुड ने एक विकेट लिया। जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 358 रन पर खत्म हुई थी। जेमी स्मिथ ने 111 रन बनाए थे। वहीं, हैरी ब्रूक ने 56 रन और जो रूट ने 42 रन का योगदान दिया था। डैन लॉरेंस ने 30 रन, वोक्स ने 25 और एटकिंसन ने 20 रन बनाए थे। वुड ने भी 22 रन की पारी खेली थी। श्रीलंका की ओर से असिथा फर्नांडो ने चार विकेट लिए, जबकि प्रभात जयसूर्या को तीन और विश्वा फर्नांडो को दो विकेट मिले थे।
श्रीलंका ने दूसरी पारी में 326 रन बनाए थे। कामिंदु मेंडिस ने 113 रन, दिनेश चांदीमल ने 79 रन और एंजेलो मैथ्यूज ने 65 रन की पारी खेली थी। दिमुथ करुणारत्ने ने 27 रन बनाए थे। इंग्लैंड की ओर से वोक्स और मैथ्यू पॉट्स ने तीन-तीन विकेट लिए। वहीं, एटकिंसन को दो विकेट मिले। रूट और वुड को एक-एक विकेट मिला। इंग्लैंड ने पांच विकेट पर 205 रन बनाकर मैच जीत लिया। रूट ने 128 गेंद में 62 रन की नाबाद पारी खेली। हैरी ब्रूक ने 32 रन और जेमी स्मिथ ने 39 रन की पारी खेली। वहीं, डैन लॉरेंस ने 34 रन बनाए। श्रीलंका की ओर से फर्नांडो और जयसूर्या को दो-दो विकेट मिले। रत्नायके ने एक विकेट लिया। जेमी स्मिथ को उनकी शतकीय पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया। इंग्लैंड और श्रीलंका के बीच सीरीज का दूसरा टेस्ट 29 अगस्त से लंदन के ऐतिहासिक लॉर्ड्स के मैदान में खेला जाएगा।