लीड्स के हेंडिग्ले में खेले गए तीसरे टेस्ट में भारत को करारी हार का सामना करना पड़ा। मेजबान इंग्लैंड ने टीम इंडिया को पारी और 76 रनों से शिकस्त दी। इसी के साथ पांच मैचों की टेस्ट सीरीज 1-1 से बराबर हो गई। मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी महज 78 रन पर ही सिमट गई। इसके जवाब में इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में 432 रन बनाए। इस तरह पहली पारी के आधार पर मेजबान टीम को 354 रन की बढ़त मिली। वहीं, भारत की दूसरी पारी में इंग्लैंड के गेंदबाजों के आगे भारतीय बल्लेबाज घुटने टेकते नजर आए। पूरी टीम 278 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में ओली रॉबिन्सन ने 65 रन देकर सर्वाधिक पांच विकेट लिए। बता दें कि भारतीय टीम की यह इस साल की सबसे बड़ी हार है। इस मैच से पहले इंग्लैंड ने इसी साल फरवरी में चेन्नई में भारत को 227 रन से हराया था। वहीं, विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में न्यूजीलैंड ने भारत को आठ विकेट से हराया था। लीड्स में मिली करारी हार के बाद भारतीय कप्तान ने क्या कहा?