अगर शुरू से शुरुआत करें तो, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की पहली पारी महज 191 रन पर सिमट गई। पहली पारी में भारत की सलामी जोड़ी कुछ खास नहीं कर पाई। रोहित 11 और केएल राहुल 17 रन बनाकर आउट हो गए। वहीं, पुजारा ने केवल चार रन बनाए। पहली पारी में कप्तान विराट कोहली (50) और आठवें नंबर पर पहले बल्लेबाजी करने उतरे शार्दुल ठाकुर ने सबसे तेज अर्धशतक लगाते हुए 57 रन की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। आठवें विकेट के लिए शार्दुल और उमेश यादव के बीच 63 रनों की साझेदारी हुई। पहली पारी में इंग्लैंड की तरफ से क्रिस वोक्स ने सबसे अधिक चार विकेट झटके। इसके अलावा ओली रॉबिन्सन ने तीन विकेट अपने नाम किए। भारत की पहली पारी 191 रन के जवाब में इंग्लैंड की पहली पारी 291 रन पर ऑलआउट हो गई। पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड को 99 रनों की बढ़त मिली। भारत की तरफ से पहली पारी में उमेश यादव ने तीन, जसप्रीत बुमराह और रविद्र जडेजा ने दो दो विकेट झटके।
वहीं, अगर दूसरी पारी की बात करें तो, भारत ने अपनी दूसरी पारी में 466 रन बनाए। भारत की तरफ से रोहित शर्मा ने 127 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली। विदेशी सरजमीं पर रोहित का यह पहला शतक था। इसके अलावा चेतेश्वर पुजारा (61), शार्दुल ठाकुर (60) और ऋषभ पंत ने शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शार्दुल और पंत के बीच सातवें विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई।मतलब शार्दुल दोनों पारियों में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी कर अर्द्धशतक लगाने वाले दुनिया के छठे बल्लेबाज बन गए। बता दें कि दूसरी पारी में भारत के आखिरी 112 रन पुछल्ले बल्लेबाजों ने बनाए। इससे इंग्लैंड को बड़ा लक्ष्य देने में मदद मिली। वहीं, 466 रन के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी मेजबान टीम को पहला झटका शार्दुल ने ही दिया। इस गेंदबाज ने रोरी बर्न्स (50) को विकेट के पीछे ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट कराया और टीम इंडिया को पहली सफलता दिलाई। हां ये बात जरूर है कि बर्न्स और हसीब हमीद के बीच पहले विकेट के लिए शतकीय साझेदारी हुई। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सबसे बड़ी सफलता कप्तान जो रूट को पवेलियन का रास्ता दिखाना रहा। इसे भी शार्दुल ने ही अंजाम दिया। उन्होंने इंग्लैंड की पारी के दौरान 81वें ओवर की पहली गेंद पर रूट को क्लीन बोल्ड कर दिया।