भारत और इंग्लैंड के बीच लीड्स के हेडिंग्ले में तीसरा टेस्ट मैच शुरू हो चुका है। हालांकि टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही। भारत ने महज 21 रन पर ही अपने तीन विकेट गंवा दिए। कप्तान विराट कोहली एक बार फिर से फिसड्डी साबित हुए। कोहली सिर्फ सात रन ही बना पाए और एंडरसन का शिकार हुए।
इंग्लैंड के स्टार पेसर जेम्स एंडरसन ने उन्हें बटलर के हाथों विकेट के पीछे कैच कराया। इसके साथ ही एंडरसन ने एक खास उपलब्धि भी अपने नाम कर ली। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में विराट कोहली को सबसे ज्यादा बार आउट करने के ऑस्ट्रेलिया के नाथन लायन के रिकॉर्ड की बराबरी की। लायन ने 33 पारियों में तो एंडरसन ने 41 पारियों में यह कारनामा किया था। इस सीरीज में यह दूसरी बार है जब एंडरसन ने कोहली को पवेलियन भेजा है।
एंडरसन पहले ऐसे गेंदबाज भी हैं जिन्होंने कोहली को पांच बार सिंगल डिजिट के स्कोर पर आउट किया है। विराट के सस्ते में आउट होने के साथ ही उनके शतक का इंतजार भी बढ़ गया। वह पिछले दो साल से अपने अंतरराष्ट्रीय शतक के लिए तरस रहे हैं। पिछली 10 पारियों में विराट का औसत भी 25 के नीचे चला गया है।