यह घटना ऑस्ट्रेलियाई पहली पारी के दौरान 45वें ओवर की है। तब लाबुशेन स्टीव स्मिथ के साथ क्रीज पर थे। कैमरे में दिखता है कि ग्लव्स ठीक करते समय लाबुशेन के मुंह से च्यूइंग गम गिर जाता है। इसके बाद उनके एक्शन ने दुनियाभर के उनके फैंस को चौंका दिया। क्वींसलैंड के इस बल्लेबाज ने च्यूइंग गम उठाया और अपने मुंह में डाल लिया। यह पूरी घटना कैमरे पर रिकॉर्ड हो गई और अब यह घटना सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
लाबुशेन इससे पहले केनिंग्टन ओवल में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के दौरान भी खूब चर्चा में रहे थे। हालांकि, इसके पीछे की वजह उनकी बल्लेबाजी नहीं बल्कि पवेलियन में सोना रहा था। दरअसल, ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी के दौरान डेविड वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा बल्लेबाजी के लिए आए थे। वॉर्नर जल्दी आउट हो गए। तभी कैमरा लाबुशेन की तरफ घूम तो दिखा की वह सो रहे थे। हालांकि, वॉर्नर के आउट होने पर दर्शकों की आवाज से वह जगे और चौंक कर उठ बैठे। फिर जल्दी से खुद को रेडी किया और मैदान पर गए। यह घटना भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई थी।
मैच की बात करें तो दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक इंग्लैंड ने अपनी पहली पारी में चार विकेट पर 274 रन बना लिए थे। वह पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया से 138 रन पीछे है। हैरी ब्रूक 45 और कप्तान बेन स्टोक्स 17 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड के लिए बेन डकेट ने सबसे ज्यादा 98 रन बनाए। वह लॉर्ड्स में शतक लगाने से चूक गए। जैक क्रॉली ने 48 और ओली पोप ने 42 रन की पारी खेली। अनुभवी बल्लेबाज जो रूट 10 रन ही बना सके। ऑस्ट्रेलिया के लिए मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड, नाथन लियोन और कैमरन ग्रीन ने एक-एक विकेट लिए।
इससे पहले स्टीव स्मिथ ने 110 रन की पारी खेली जिससे ऑस्ट्रेलिया की टीम इंग्लैंड के खिलाफ पहली पारी में 416 रन बनाने में सफल रही। यह स्मिथ की कुल 32वीं टेस्ट शतकीय पारी रही। उन्होंने 32 टेस्ट शतक 174 पारियों में सबसे तेजी से बनाए हैं। उनके अलावा वॉर्नर ने 66 रन, लाबुशेन ने 47 रन और ट्रेविस हेड ने 77 रन की पारी खेली। ओली रॉबिन्सन और जोश टंग ने तीन-तीन विकेट लिए। जो रूट को दो विकेट मिला। वहीं, जेम्स एंडरसन और स्टुअर्ट ब्रॉड को एक-एक विकेट मिला।