दलीप ट्रॉफी का अंतिम चरण रोमांचक हो गया है। शुक्रवार को इंडिया ए के लिए आवेश खान ने अर्धशतकीय पारी खेली। हालांकि, टीम का कोई और बल्लेबाज कुछ खास कमाल नहीं दिखा पाया। इस मुकाबले के पहले दिन इंडिया सी के खिलाफ शाश्वत रावत ने शतक जड़ा था। वहीं, इंडिया बी के लिए कप्तान अभिमन्यू ईश्वरन ने शतक जड़ा। हालांकि, उनकी टीम अब भी मुश्किल में हैं।
इंडिया ए बनाम इंडिया सी
नौवें नंबर के बल्लेबाज आवेश खान की नाबाद 51 रनों की पारी की मदद से इंडिया ए ने दूसरे दिन 297 रन बनाए। उसके बाद युवा गेंदबाज आकिब खान (3), शम्स मुलानी (2) और आवेश (1) के आगे इंडिया सी टीम ने सात विकेट पर 216 रन बनाए। हालांकि, पहली पारी में टीम को बढ़त बनाने के लिए संघर्ष करते देखा गया। अभी टीम 81 रन से पीछे है। शीर्ष क्रम में कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और साई सुदर्शन ने 17-17 रन बनाए। रजत पाटीदार तो खाता भी नहीं खेल पाए। अभिषेक पोरेल ने 82 रन बनाए। पुलकित नारंग 35 रन पर नाबाद हैं।
इस बीच सात विकेट पर 224 रन से आगे खेलने उतरी इंडिया ए टीम 297 रन पर सिमट गई। शाश्वत रावत 124 रन पर आउट हो गए। रावत ने अपनी पारी में 250 गेंदों का सामना किया और 15 चौके लगाए। वहीं, आवेश खान ने 68 गेंदों की पारी में पांच चौके और चार छक्के लगाए। इंडिया सी के लिए विजय कुमार ने चार, अंशुल कांबोज ने तीन और गौरव यादव ने दो विकेट हासिल किए।
इंडिया बी बनाम इंडिया डी
इंडिया डी दलीप ट्रॉफी मुकाबले 87.3 ओवरों में 349 रन पर सिमट गई। संजू सैमसन ने 106 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने प्रथम श्रेणी में अपने करियर का 11वां शतक लगाया। मैच के दूसरे दिन विरोधी टीम इंडिया बी ने छह विकेट पर 210 रन बनाए थे। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (116) ने टूर्नामेंट में अपना दूसरा और प्रथम श्रेणी में 25वां शतक लगाया। उनकी 170 गेंदों की पारी में 13 चौके और एक छक्का शामिल था।
हाथ की चोट के चलते पहले कई मैचों में नहीं खेल पाए भारतीय टी20 टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव पांच रन ही बना पाए। उनका विकेट अर्शदीप (3) ने लिया। इससे पहले इंडिया डी के लिए नाबाद 89 रन से आगे खेलने उतरे संजू सैमसन ने 101 गेंदों पर 106 रन की पारी खेली। उनकी पारी में 12 चौके और तीन बड़े छक्के शामिल थे। टीम ने 43 रन के अंदर अपने पांच विकेट गंवा दिए। युवा तेज गेंदबाज नवदीप सैनी ने 74 रन देकर पांच विकेट लिए। वहीं, सैनी ने प्रथम श्रेणी में छठी बार पांच विकेट लिए हैं।