इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे ईडन गार्डंस टेस्ट में अंपायर अलीम दार के साथ भारतीय कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के बहस करने की पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटरों ने निंदा की है। पूर्व पाक कप्तान इंजमाम उल हक और मोईन खान ने कहा कि अलीम दार के साथ धोनी का बर्ताव असहनीय है।
इंजमाम ने कहा कि भारतीय टीम के खराब प्रदर्शन का दोष धोनी अंपायरों के मत्थे मंढ रहे हैं। पूर्व पाक कप्तान ने कहा, 'मेरा मानना है कि धोनी एक अनुभवी कप्तान और खिलाड़ी हैं। उन्हें अपनी टीम की गलतियों को सुधारने पर फोकस करना चाहिए। अपने खिलाड़ियों से उनके कमजोर पहलुओं के बारे में बात करनी चाहिए।'
इंजमाम ने कहा कि मुझे भी कई बार अंपायरों के फैसले पर सवाल उठाने के लिए सजा मिली है। यहां धोनी ने खुलेआम ऐसा किया लेकिन उसके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आईसीसी की नीति इस मामले में स्पष्ट है और सभी कप्तानों को इसका पालन करना चाहिए।
पूर्व विकेटकीपर मोईन ने कहा कि मुझे इसमें कोई हैरानी नहीं है कि आईसीसी ने इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं जताई। आईसीसी भारतीय क्रिकेट बोर्ड जैसे ताकतवर बोर्ड को नाराज नहीं कर सकती। उन्होंने कहा अलीम दार की अंपायरिंग पर धोनी द्वारा उंगली उठाना और बहस करना निंदनीय है। बीसीसीआई के पैसे की ताकत के चलते आईसीसी ने धोनी को दंडित नहीं किया।
मोईन ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व लेग स्पिनर शेन वार्न के उस ट्वीट पर अलीम दार को खराब अंपायर कहने पर हैरानी जताई है। पूर्व पाकिस्तानी विकेटकीपर ने कहा कि आईसीसी को सभी टेस्ट देशों के लिए एक समान नियम बनाने चाहिए। उन्होंने कहा कि धोनी ने पहले भी अंपायरों से बहस की और उन्हें कोई सजा नहीं मिली।