बड़ौदा ने आगामी घरेलू सीजन (2021-22 ) के लिए ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डेव व्हाटमोर को टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। इस बात की जानकारी बड़ौदा क्रिकेट संघ (बीसीए) के सचिव अजीत लेले ने गुरुवार समाचार एजेंसी पीटीआई को दी। मीडिया में चल रही खबरों के मुताबिक, व्हाटमोर भारतीय फर्स्ट क्लास क्रिकेट इतिहास के सबसे महंगे कोच हैं। बीसीए ने उनके साथ एक करोड़ रुपये में यह करार किया है।
लेले ने कहा, 'व्हाटमोर बीते बुधवार को ही मुख्य कोच के रूप में शामिल हुए और वह अन्य कोचों, अन्य उम्र के ग्रुपों का भी मार्गदर्शन करेंगे।' 67 वर्षीय व्हाटमोर को शीर्ष क्रिकेट में कोचिंग का वर्षों का अनुभव है और वह 1996 में विश्व कप जीतने वाली श्रीलंकाई टीम के कोच थे। इसके बाद वह विभिन्न टीमों के कोच बने। भारतीय घरेलू सर्किट में उन्होंने केरल के साथ भी काम किया है। उनका आखिरी कार्यकाल नेपाल के साथ था। इससे पहले वह नेपाल क्रिकेट टीम के मुख्य कोच थे।