आईपीएल के 17वें सीजन का आगाज हो चुका है। पहले मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीमें आमने-सामने थी। इस सीजन सीएसके की टीम नए कप्तान के साथ उतरी थी। ऋतुराज गायकवाड़ टीम की कमान संभाल रहे हैं। गुरुवार को चेन्नई ने नए कप्तान की घोषणा की थी। हालांकि, नए कप्तान के बारे में सीएसके टीम को जानकारी एक हफ्ते पहले ही मिल चुकी थी। इसका खुलासा खुद ऋतुराज ने किया है। उन्होंने टॉस के दौरान इस बारे में बताया।
टॉस के दौरान क्या बोले ऋतुराज?
पहले मैच बेंगलुरु के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। जब ऋतुराज कमेंटेटर रवि शास्त्री से बात करने के लिए आए तो बड़े खुलासे किए। शास्त्री ने ऋतु से पूछा कि आपको कप्तानी के बारे में कब पता चला था। इस पर ऋतुराज ने जवाब दिया- मैं बहुत सम्मानित महसूस कर रहा हूं, लेकिन मैं धोनी की जगह भरने की बजाय अपना रुतबा कमाना चाहता हूं। मुझे कप्तानी के बारे में पिछले हफ्ते ही पता चल गया था। हालांकि, माही भाई ने पिछले साल ही इसको लेकर संकेत दे दिए थे।
चेन्नई के टीम मैनेजमेंट ने चौंकाया
चेन्नई सुपर किंग्स ने आईपीएल 2024 के शुरू होने से ठीक पहले कप्तानी में बड़ा बदलाव कर सभी को चौंका दिया था। 22 मार्च को आईपीएल का आगाज होना था और एक दिन पहले यानी गुरुवार को सीएसके मैनेजमेंट ने नए कप्तान की घोषणा करते हुए 27 साल के ऋतुराज गायकवाड़ को कप्तानी सौंप दी। आईपीएल 2008 से खेला जा रहा है और पिछले 16 साल में ऋतुराज चेन्नई के सिर्फ चौथे कप्तान हैं। इससे पहले धोनी के अलावा सुरेश रैना और रवींद्र जडेजा टीम की कमान संभाल चुके हैं। रैना धोनी की गैरमौजूदगी में कमान संभाल रहे थे, जबकि जडेजा को आईपीएल 2022 में टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले पूरी तरह से नया कप्तान बनाया गया था।
जडेजा के साथ खराब रहा था अनुभव
हालांकि, टीम का प्रदर्शन उस सीजन बेहद खराब रहा था और आधे सीजन के बाद धोनी ने कप्तानी वापस ले ली थी और 2023 में अपनी कप्तानी में टीम को पांचवीं बार खिताब दिलाया था। अब फिर से टूर्नामेंट शुरू होने से ठीक पहले धोनी और सीएसके टीम मैनेजमेंट ने सभी को चौंकाया है। यह पहली बार नहीं है कि धोनी ने अचानक लिए फैसले से सबको चौंकाया। इससे पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी टेस्ट और वनडे की कप्तानी धोनी ने अचानक ही छोड़ी थी। हालांकि, इसमें कोई शक नहीं कि चाहे अंतरराष्ट्रीय करियर हो या आईपीएल करियर, धोनी की कैप्टेंसी रिकॉर्ड की कोई बराबरी नहीं है।