क्रिस गेल की मात्र 66 गेदों में खेली गई नाबाद 175 रन की रिकार्डतोड़ पारी पर पूरा क्रिकेट जगत फिदा है।
कैरेबियाई तूफान गेल ने अपनी इस पारी में 13 चौके और 17 गगनचुंबी छक्के लगाए थे। गेल के इस कत्लेआम का शिकार बने पुणे वॉरियर्स के कप्तान आरोन फिंच ने कहा, ‘ऐसी जबरदस्त पारी के बारे में मैं केवल यही कह सकता हूं कि मैंनें ऐसी पारी पहले कभी नहीं देखी।’
मैच के बाद फिंच ने मजाक में कहा था कि गेल के खेलने पर रोक लगा देनी चाहिए।
रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर के कप्तान विराट कोहली ने गेल की इस आतिशी पारी पर कहा, ‘शब्द ही नहीं हैं। एक कप्तान के रूप में मैं केवल इतना ही कह सकता हूं कि इस बारे में बोलने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है।’
उन्होंने ने कहा, ‘मैं भाग्यशाली हूं कि ऐसी ऐतिहासिक पारी का गवाह बनने का मुझे मौका मिला। वे सभी लोग जो उस समय स्टेडियम में मौजूद थे ऐसी शानदार पारी देखकर गर्व महसूस कर रहे होंगे।’
गेल की इस पारी के दौरान पिच पर उनका साथ निभाने वाले तिलकरत्ने दिलशान ने कहा, ‘मैं इससे पहले भी उनके साथ आईपीएल में खेल चुका हूं और मेरे सामने इससे पहले भी उन्होंने शतक लगाए हैं लेकिन यह पारी सबसे अलग और सर्वश्रेष्ठ थी।’
दिलशान ने कहा, ‘अपने अभी तक के कैरियर में मैंने पहली बार किसी बल्लेबाज को इतनी सफाई से गेंद को सीमापार पहुंचाते देखा। इस मैच मे सब कुछ बिल्कुल वैसे ही हुआ जैसा गेल चाहते थे।’
गेल की इस पारी को देख रहे चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने तुरंत ही ट्विट किया था कि इस पारी को देखने के बाद अच्छा है कि वह विकेटकीपर हैं।