इससे पहले भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी (74 रन पर तीन विकेट) के दोहरे झटके से लंच तक इंग्लैड के 89 रन पर चार विकेट गिर गये थे। लंच से पहले आखिरी गेंद पर भारत को जो रूट (19) के रूप में बड़ी सफलता मिली जिन्हें शमी ने पगबाधा आउट किया। लंच के बाद बेयरस्टॉ और जोस बटलर (24) ने 42 रन की साझेदारी की। मोहम्मद शमी और इशांत शर्मा (88 रन पर एक विकेट) की सटीक गेंदबाजी के बावजूद इंग्लैंड ने 27वें ओवर में 100 रन पूरे किये।
दोनों बल्लेबाजों को भारतीय तेज गेंदबाजों ने काफी परेशान किया। इस दौरान बेयरस्टॉ ज्यादा असहज दिखे जिनके बल्ले पर गेंद ने कई बार अंदरूनी किनारा लिया लेकिन वह विकेट से नहीं टकराई। शमी ने 32वें ओवर में बटलर को पगबाधा कर भारत की वापसी करायी। लेकिन इसके बाद बेयरस्टॉ और वोक्स ने भारतीय गेंदबाजों को ज्यादा मौके नहीं दिये। इस बीच बेयरस्टॉ ने अपनी पारी की 76वें गेंद में करियर का 19वां टेस्ट अर्धशतक पूरा किया जबकि वोक्स ने अपना पांचवां अर्धशतक पूरा करने के लिये 71 गेंदों का सामना किया।
इंग्लैंड ने 49वें ओवर में 200 रन पूरे किये। भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और कुलदीप यादव प्रभाव छोड़ने में नाकाम रहे। मैच का पहला दिन बारिश की भेंट चढ़ गया और दूसरे दिन का खेल भी बारिश से प्रभावित रहा जिसमें सिर्फ 35.2 ओवर का खेल संभव हुआ। हालांकि, आज धूप निकलने के कारण पिच और हवा से नमी खत्म हो गयी जिससे बल्लेबाजी करना काफी आसान हो गया।
भारतीय गेंदबाजी की शुरूआत आज शमी और इशांत शर्मा ने की जिन्होंने कुछ ओवरों के बाद गेंद पर नियंत्रण बना लिया और इंग्लैंड के बायें हाथ के दोनों सलामी बल्लेबाजों को परेशान किया। शमी ने शुरूआती ओवरों में बल्लेबाजों को तंग किया तो वही इशांत ने छोर बदलने के बाद ज्यादा सटीक गेंदबाजी की। टीम को पहली सफलता पारी के आठवें ओवर में मिली जब शमी ने कीटोन जेनिंग्स को पगबाधा आउट किया। इंग्लैंड ने अंपायर के फैसले के खिलाफ रिव्यू लिया लेकिन ये बेकार गया।
इसके पांच गेंद के बाद इशांत ने एलिस्टेयर कुक को विकेट के पीछे कैच कराकर पवेलियन भेजा। इस समय इंग्लैंड का स्कोर दो विकेट पर 32 रन था। कप्तान जो रूट और पदार्पण कर रहे 20 साल के ओले पोप (28) ने पारी को संवारने की कोशिश की। इस दौरान कुलदीप यादव और हार्दिक पंड्या के पहले स्पेल में बेअसर गेंदबाजी ने भी बल्लेबाजों का काम आसान किया और इंग्लैंड ने 14वें ओवर में 50 रन पूरे किये।
पहले सत्र में भारतीय कप्तान का आर अश्विन से गेंदबाजी नहीं कराने का फैसला आश्चर्यचकित करने वाला रहा। इस बीच कोहली ने पंड्या को कुछ सलाह दी जिसके बाद उन्होंने ज्यादा आक्रामक गेंदबाजी करनी शुरू की और इसका फायदा उन्हें पोप के विकेट के रूप में मिला। पगबाधा होने से पहले पोप ने 38 गेंद की पारी में तीन चौके की मदद से 28 रन बनाये उन्होंने रूट के साथ 45 रन की साझेदारी भी की। इंग्लैंड पांच मैचों की श्रृंखला में 1-0 से आगे है।