पाकिस्तानी क्रिकेटर उमर अकमल को कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। खेल पंचाट यानी कोर्ट ऑफ आर्बिट्रेशन (सीएएस) ने उनका बैन घटाकर अब एक साल कर दिया है। इसके बाद वह अपना क्रिकेट करियर फिर से शुरू कर पाएंगे। कोर्ट ने उन पर भ्रष्टाचार रोधी संहिता के उल्लंघन के लिए 42.50 लाख पाकिस्तानी रुपये का जुर्माना लगाया। दरअसल, खेल पंचाट ने उमर और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड की अपील पर अपने फैसले की घोषणा की।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने शुक्रवार को कहा कि उमर अब प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में फिर से शामिल होने के लिए योग्य हो जाएंगे, बशर्तें वह जुर्माना जमा कर दें और बोर्ड की भ्रष्टाचार रोधी संहिता के अंतर्गत रिहैबिलिटेशन कार्यक्रम से जुड़ जाएं। उमर पर पिछले साल अप्रैल में पीसीबी की भ्रष्टाचार रोधी पंचाट ने तीन साल का प्रतिबंध लगाया था लेकिन उन्होंने इस फैसले के खिलाफ अपील की और एक स्वतंत्र अधिनिर्णायक न्यायाधीश फाखिर मोहम्मद खोकर ने उनके प्रतिबंध को घटा दिया था।