नमस्ते इंडिया के साथ महान स्पेनिश फुटबॉलर कार्लोस पुयोल ने सोमवार की रात जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम में अंडर-17 फुटबॉल वर्ल्ड कप का आधिकारिक टिकट जारी किया। खेल मंत्री विजय गोयल की मौजूदगी में पुयोल ने पहला टिकट 1911 की आईएफए शील्ड जीतने वाली मोहन बागान टीम की कप्तान शिवदास भादुड़ी की पड़पौती गौरी भादुड़ी को सौंपा।
2010 फीफा वर्ल्ड कप स्पेन को जिताने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले डिफेंडर पुयोल का यह पहला भारत दौरा है। उन्होंने स्पेनिश भाषा में कहा कि उन्हें इस ऐतिहासिक टूर्नामेंट से जुड़कर बेहद खुशी महसूस हो रही है। वह उम्मीद करते हैं कि साल के अंत में जब यह टूर्नामेंट भारत की धरती पर शुरू होगा, तब भी वह इस मौके का हिस्सा बनेंगे। पुयोल ने इस मौके पर मौजूद कुछ बच्चों को फुटबॉल के टिप्स देते हुए कहा कि अपने अध्यापक और कोच का पूरी तरह से कहना मानें और पढ़ाई के साथ इस खेल पर ध्यान देते रहें।