कैमरन ग्रीन पीठ की चोट के कारण इंग्लैंड के खिलाफ शेष वनडे सीरीज से बाहर हो गए हैं। इस ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर को मंगलवार को मैच के दौरान दिक्कत हुई थी। उन्होंने उस मैच में 45 रन बनाए थे और दो विकेट झटके थे। लंदन में उनका स्कैन किया गया जिसमें उनके चोट के बारे में पता चला। इस कारण उनका भारत के खिलाफ आगामी पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में खेलना संदिग्ध हो गया है।
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 22 नवंबर से बॉर्डर-गावस्कर सीरीज खेली जानी है। ग्रीन अब ऑस्ट्रेलिया वापस लौटेंगे और अपनी चोट का इलाज कराएंगे। ग्रीन इस बारे में फैसला करेंगे कि वह हाल फिलहाल में प्रतिस्पर्धी क्रिकेट में वापसी कर सकेंगे या नहीं। ग्रीन उन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों की सूची में शामिल हो गए हैं जो चोटिल चल रहे हैं। ग्रीन के अलावा रिले मेरेदिथ, नाथन एलिस, जेवियर बार्टलेट और बेन ड्वारशुइस भी चोटिल चल रहे हैं।
एक रिपोर्ट के अनुसार ऑस्ट्रेलिया पुरुष टीम के प्रवक्ता ने कहा कि चोट की गंभीरता और उसकी वापसी का समय तब तक पता नहीं चलेगा जब तक कि खिलाड़ी पर्थ में नहीं पहुंच जाता। ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के खिलाफ पहला वनडे सात विकेट से जीता था, जबकि दूसरे मैच को जीतकर 2-0 की बढ़त हासिल कर ली थी। हालांकि, इंग्लैंड ने तीसरे मैच में वापसी की थी और डकवर्थ लुइस नियम के तहत जीत दर्ज की थी।