विवियन रिचर्ड्स-ब्रायन लारा-कार्ल हूपर
- फोटो : twitter
वेस्टइंडीज के पूर्व महान बल्लेबाज ब्रायन लारा अपनी किताब को लेकर विवादों में घिर गए हैं। इसमें उन्होंने पूर्व दिग्गज विवियन रिचर्ड्स और कार्ल हूपर को लेकर कुछ ऐसा लिखा है जो दोनों खिलाड़ियों को बिल्कुल भी पसंद नहीं आया है। दरअसल, हाल ही में लारा ने अपनी किताब लारा: द इंग्लैंड क्रॉनिकल्स लॉन्च की थी। इसमें दिग्गज ने दावा किया कि रिचर्ड्स उन्हें हर तीन हफ्ते में रुलाते थे जबकि वह कार्ल हूपर को हफ्ते में एक बार रुलाते थे।
अपनी किताब में लारा ने खुलासा किया कि रिचर्ड्स की आवाज खिलाड़ियों को डराने वाली थी और अगर कोई पर्याप्त रूप से मजबूत नहीं है, तो वह इससे प्रभावित हो सकता है। लारा ने आगे बताया कि वह कभी भी व्यक्तिगत रूप से इससे प्रभावित नहीं हुए लेकिन हूपर ने हमेशा खुद को रिचर्ड्स से बचाने की कोशिश की।
लारा ने किताब में क्या लिखा?
55 वर्षीय खिलाड़ी ने अपनी किताब में लिखा, "विव मुझे हर तीन हफ्ते में रुलाते थे, लेकिन वह कार्ल को हफ्ते में एक बार रुलाते थे। विव की आवाज का लहजा डराने वाला है और अगर आप इतने मज़बूत नहीं हैं, तो आप इसे व्यक्तिगत रूप से ले सकते हैं और इससे प्रभावित हो सकते हैं। मैं वास्तव में इससे कभी प्रभावित नहीं हुआ। एक तरह से मैंने इसका स्वागत किया, क्योंकि मैं उनके इतने अधीन था कि मुझे पता था कि दुर्व्यवहार होने वाला है और मैं एक मजबूत व्यक्तित्व था। कार्ल? मैं जानता हूं कि कार्ल विव रिचर्ड्स से दूर रहता था।"
दिग्गजों को पसंद नहीं आया लारा का बयान
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लारा का यह बयान वेस्टइंडीज के पूर्व खिलाड़ियों को पसंद नहीं आया। रिचर्ड्स और हूपर ने इन आरोपों को 'निराधार' बताया। उन्होंने कहा, "यह दावा कि सर विवियन हूपर के प्रति आक्रामक थे और सप्ताह में एक बार रुलाते थे, बिल्कुल झूठ है। इस तरह के विवरण सर विवियन को भावनात्मक शोषण के अपराधी के रूप में चित्रित करते हैं -और यह दावा न केवल निराधार है, बल्कि दोनों पक्षों के लिए बहुत दुखदाई भी हैं।"
हूपर और रिचर्ड्स ने लारा से की माफी की मांग
वहीं, दोनों ने लारा से इन दावों को लेकर माफी की मांग की है। उन्होंने कहा, "हम मांग करते हैं कि श्री लारा तुरंत इन झूठे दावों को सार्वजनिक रूप से वापस लें और इससे हुए नुकसान के लिए ईमानदारी से माफी मांगें।"