टी-20 का सबसे तेज शतक ठोकने वाले वेस्ट इंडीज के क्रिस गेल को ‘महामानव’ जैसे विशेषण से सुशोभित किया जा रहा था लेकिन क्रिकेट इतिहास के महानतम बल्लेबाज सर डॉन ब्रैडमैन ने एक समय सिर्फ 22 गेंदों में शतक ठोक डाला था।
गेल ने आईपीएल-6 में रॉयल चैलेंजर्स बंगलोर की ओर से खेलते हुए पुणे वारियर्स के खिलाफ महज 30 गेंदों में शतक बनाया था। गेल ने ओवरऑल 66 गेंदों में 17 छक्कों और 13 चौकों की मदद से नाबाद 175 रन बनाए थे।
ब्रैडमैन के समय एक ओवर आठ गेंदों का होता था और ब्रेडमैन का शतक सिर्फ 22 गेंदों में बना था। वह मैच ब्लैकहीथ इलेवन और लिथगो इलेवन के बीच ब्लैकहीथ शहर में खेला गया था।
इस मैच का आयोजन ब्लैकहीथ विकेट की शुरुआत के अवसर पर किया गया था। इस मैच के लिए ब्रैडमैन और उनके न्यूसाउथ वेल्स जोड़ीदार आस्कर वेंडेल बिल ब्लैकहीथ टीम के लिए अतिथि के रूप में खेले थे।
ब्रैडमैन ने पहले ओवर में आठ गेंदों में 6,6,4,2,4,4,6,1 के स्कोर से कुल 33 रन बटोरे थे जबकि दूसरे ओवर की स्ट्राइक फिर ब्रैडमैन के पास थी। इस ओवर में उन्होंने 6,4,4,6,6,4,6,4 के स्कोर से कुल 40 रन बटोरे यानी 16 गेंदों में ब्रैडमैन 73 रन बना चुके थे।
तीसरे ओवर की शुरुआत में बिल ने पहली गेंद पर एक रन लिया। ब्रैडमैन ने लगातार दो छक्के और फिर अगली गेंद पर एक रन लिया। बिल ने अगली गेंद पर एक रन लेकर स्ट्राइक ब्रैडमैन को सौंप दी। ब्रैडमैन ने अंतिम तीन गेंदों पर चौका, चौका और छक्का लगाया।
इस ओवर में 29 रन पड़े, जिसमें 27 रन ब्रैडमैन के बल्ले से निकले। ब्रैडमैन ने इस तरह 22 गेंदों में शतक जड़ डाला, जिसमें उन्होंने दस छक्के और नौ चौके लगाए। उन्होंने इस मैच में कुल 256 रन की पारी खेली थी, जिसमें 14 छक्के और 29 चौके शामिल थे।