अपनी कप्तानी में बुधवार को कोलकाता नाइटराइडर्स के खिलाफ मुंबई इंडियंस को जीत दिला चुके रोहित शर्मा ने कहा कि नियमित कप्तान रिकी पोंटिंग ने टीम हित को ध्यान में रखते हुए मैच से बाहर बैठने का फैसला खुद किया था।
उन्होंने कहा, "यह दिल से लिया गया फैसला था जिसके लिए हिम्मत की जरूरत होती है। हम सही टीम का चयन करना चाहते थे जिसे उनसे अच्छा कोई और नहीं जानता था। उन्होंने खुद हमसे कहा कि वह इस मैच में नहीं खेलेंगे।"
टीम को अपनी कप्तानी में मिली जीत से खुश रोहित ने कहा कि वह आगे भी इसे जारी रखना चाहेंगे। बकौल रोहित, "जब प्रबंधन ने मुझे जिम्मेदारी सौंपी तो मैं वाकई बहुत खुश हुआ। हालांकि पहली बार कप्तानी को लेकर मैं कुछ नर्वस जरूर हुआ लेकिन मैदान पर उतरते ही सारी चिंताएं अपने आप दूर हो गईं। जिस तरह मैंने नेतृत्व किया उससे मैं बेहद खुश हूं। आगे भी मैं इस प्रदर्शन को जारी रखना चाहूंगा।"