इंग्लैंड के पूर्व कप्तान इयान बॉथम ने भारत दौरे पर आई ऑस्ट्रेलियाई टीम के ताजा विवाद को हास्यपद करार दिया है। ऑस्ट्रेलिया ने हाल में अनुशासनहीनता के आरोप में अपने चार खिलाड़ियों को एक टेस्ट मैच के लिए निलंबित कर दिया था।
बॉथम ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को दौरे पर प्रत्येक सुबह विस्तृत जानकारी देनी होती थी जिसमें यह भी बताना होता था कि वह रात को कितनी देर तक सोए हैं। मैं इसे हास्यपद मानता हूं।’
इंग्लैंड के ही एक अन्य पूर्व कप्तान माइक आर्थटन ने कहा, ‘ऑस्ट्रेलियन कैंप से जो खबरें आ रही हैं उन पर विश्वास नहीं किया जा सकता। भारत में जो हो रहा है उस पर यकीन नहीं हो रहा।’
खिलाड़ियों को वयस्क समझें, स्कूली बच्चे नहीं: बायकाट
इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज ज्योफ्री बायकाट ने खिलाड़ियों के साथ स्कूली बच्चों की तरह बर्ताव करने के लिए ऑस्ट्रेलियाई कोच मिकी आर्थर की आलोचना की है।
उन्होंने कहा कि उन्हें क्रिकेटरों को लिखित काम देने का विचार बचकाना लगता है। प्रदर्शन सुधार के लिए प्रेजेंटेशन देने में नाकाम रहने पह ऑस्ट्रेलिया ने उप-कप्तान शेन वाटसन समेत चार खिलाड़ियों को बाहर कर दिया।
बायकाट ने कहा कि आर्थर शिक्षक की तरह पेश आने की बजाए व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ियों से बात कर सकते थे। यदि आपको लगता है कि किसी पहलू पर सुधार की गुंजाइश है तो कोचिंग स्टाफ और कुछ कोच को उनसे व्यक्तिगत स्तर पर बात करनी चाहिए।