18 जून को टीम इंडिया पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश टीम के आमने-सामने होगी। हालांकि टीम इंडिया वनडे में रैकिंग में दूसरे नंबर पर है जबकि बांग्लादेश आठवें पायदान पर। लेकिन 18 जून के ही दिन बांग्लादेश ने वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया को धूल चटाई थी।
बड़े शिकार करने में माहिर बांग्लादेश हर बार बड़ी टीमों को चौंका चुकी है। बांग्लादेश को जब-जब कम आंका गया वह चौंकाती रही है। हर बार बांग्लादेश ने स्टार खिलाड़ियों के बिना टीम वर्क से खुद को साबित किया है।
2007 में वेस्टइंडीज में हुआ क्वार्टर फाइनल का मुकाबला जब बांग्लादेश ने टीम इंडिया को हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। हाल ही में घरेलु सीरीज में पाक को वनडे मैचों में हराकर यह टीम उलटफेर कर चुकी है।
10 साल पहले 18 जून के ही दिन बांग्लादेश ने वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को हराकर पूरे क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी थी। वह मैच आज भी ऑस्ट्रेलिया के बेहद शर्मींदा करने वाला पल है।
पढ़ें, उस मैच में किसने दिलाई बांग्लादेश को जीत
तापस आयसिर और मोहम्मद अशरफुल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बांग्लादेश ने वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलिया को पांच विकेट से रोंद दिया था। यह 2005 की नेटवेस्ट सीरीज का दूसरा मैच था।
ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी चुनी। रिकी पोंटिंग की कप्तानी में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शून्य पर एडम गिलीक्रिस्ट और 9 रन पर अपने कप्तान पोटिंग का विकेट गंवा दिया।
टीम की ओर से सबसे ज्यादा डैमन मार्टिन (77) और माइकल क्लार्क (54) ने टीम का स्कोर बमुश्कल 50 ओवर में 249 रन तक पहुंचाया।
4 गेंद रहते बांग्लादेश ने जीता था मैच
18 जून 2005 को हुए इस मैच में ऑस्ट्रेलिया के 249 रनों का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के मुकाबले थोड़ा ठीक रही।
टीम की ओर से सर्वाधिक रन मोहम्मद अशरफुल ने बनाए। इस मैच ने अशरफुल को रातों-रात हीरो बना दिया। 2001 में अंतरराष्ट्रीय करियर की शुरुआत करने वाले अशरफुल ने वर्ल्ड चैंपियन टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी की।
अशरफुल ने इस मैच में मेडन सेंचुरी लगाई और टीम को जीत की दहलीज पर पहुंचाया। इस मैच में बांग्लादेश ने ऑस्ट्रेलिया के 249 रनों को लक्ष्य को 4 गेंद रहते ही हासिल कर दिया था। यह मैच क्रिकेट जगत के रोमांचकारी मैचों में से एक भी माना जाता है।
टीम इंडिया रहे सतर्क
10 साल पहले वह मैच बांग्लादेश का सीरीज का पहला मैच था। 10 साल बाद बांग्लादेश के सामने दोबारा ऐसा मौका आया है। यह जरुर है कि टीम इंडिया वर्ल्ड कप में बांग्लादेश को बुरी तरह पटखनी दे चुकी है और टीम इंडिया का पलड़ा बांग्लादेश से कहीं ज्यादा भारी है।
लेकिन कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की अगुवाई वाली टीम इंडिया का बांग्लादेश को कम आंकना, बड़ी भूल हो सकती है। बांग्लादेश अपने होम ग्राउंड में पूरे दमखम के साथ उतरेगी। जहां एक ओर दर्शकों के साथ-साथ घरेलु मैदान भी बांग्लादेश के हक में होगा।
वहीं, दूसरी ओर लंबे समय बाद बांग्लादेश में वनडे मैच खेलने उतरी टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला थोड़ा प्रतिकूल हो सकता है।