लंबे समय से
टीम इंडिया में यदि एक दिक्कत दिखाई देती रही है तो वह यह है कि आखिर चार नंबर पर कौन बल्लेबाजी करेगा। हालांकि जिस तरह की परिपक्व पारी
अजिंक्य रहाणे ने पहले वन-डे में खेली उसके बाद माना जा रहा है कि अब वह वर्ल्ड कप तक इसी क्रम में बल्लेबाजी करते हुए नजर आएंगे।
बता दें कि दक्षिण अफ्रीका दौरे से पहले
विराट कोहली ने कहा था कि राहणे टीम में रिजर्व ओपनर के तौर पर हैं। लेकिन जिस तरह से उन्होंने डरबन वन-डे में बल्लेबाजी की लगता है उन्हें भी बल्लेबाजी का यह क्रम भा गया है।
दूसरे वन-डे से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस में आए रहाणे से जब इस क्रम के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि मैं चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए अधिक तैयार हूं। अब पहले से परिपक्व हूं। मुझे पता है कि चौथे नंबर पर पारी को कैसे आगे बढ़ाना है।
रहाणे अपनी बल्लेबाजी को लेकर आगे बात करते हुए कहा कि चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करने के कला अलग होती है। पिछले टेस्ट में मिली जीत से यह आत्मविश्वास आया है, जिसमें मैने 48 रन बनाए थे। मैं उस नंबर पर अच्छा प्रदर्शन करना चाहता था क्योंकि पहले भी उस नंबर पर बल्लेबाजी कर चुका हूं।
उन्होंने इस दौरे को चुनौती बताते हुए कहा कि मुझे चुनौतियों का सामना करना पसंद है। द. अफ्रीका की आक्रमक गेंदबाजों के सामने आपको जो चुनौती मिलती है, उसे हलका नहीं समझा जा सकता है।