अगले साल भारत में होने वाले टी-20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया के लिए पूर्णकालिक कोच नियुक्त करने की संभावना कम ही नजर आ रही है। माना जा रहा है कि बीसीसीआई टी-20 वर्ल्ड कप के बाद ही नए मुख्य कोच की नियुक्ति करेगी।
हालांकि खबरों की मानें तो मौजूदा टीम डायरेक्टर रवि शास्त्री सहित मौजूदा सपोर्ट स्टाफ का कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाया जा सकता है। सहायक बल्लेबाजी कोच संजय बांगड़, सहायक गेंदबाजी कोच बी अरुण और सहायक फील्डिंग कोच आर श्रीधर के कार्यकाल को बढ़ाने की पुष्टि पहले ही कर दी गई थी, लेकिन उनके कार्यकाल का समय निर्धारित नहीं किया गया था।
माना जा रहा है कि वनडे कप्तान महेंद्र सिंह धोनी और टेस्ट कप्तान विराट कोहली से विचार-विमर्श करने के बाद बीसीसीआई ने शास्त्री सहित चारों को उनका कार्यकाल दो साल के लिए बढ़ाने की जानकारी दे दी है। उम्मीद है कि इन सभी को टीम इंडिया के 6 जुलाई को जिम्बाब्वे दौरे पर रवाना होने से पहले ही नए कांट्रेक्ट दे दिए जाएंगे।
पहले जिम्बाब्वे दौरे से पहले कोच चुनने की बात आई थी सामने
बांग्लादेश के खिलाफ वनडे सीरीज के दौरान कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने कहा था कि मौजूदा सपोर्ट स्टाफ अच्छा काम कर रहा है और कोच चुनने में किसी तरह की जल्दबाजी नहीं होनी चाहिए। ऐसे में अगर कुछ समय के लिए कोच का पद खाली भी रहता है तो भी कोई बात नहीं है। मगर सिर्फ कोच का पद भरने के लिए जल्दबाजी में किसी को भी कोच नहीं बना देना चाहिए।
वैसे भी इंग्लैंड के पूर्व कोच डंकन फ्लेचर पिछले 2 साल से टीम इंडिया के कोच थे और वर्ल्ड कप के बाद उनका करार खत्म हो गया था। पहले कहा जा रहा था कि टीम बिना कोच के ही बांग्लादेश रवाना हो जाएगी, लेकिन बीसीसीआई ने टीम के क्रिकेट डायरेक्टर शास्त्री को अंतरिम कोच बनाकर टीम के साथ भेजा था।
वर्ल्ड कप को खत्म हुए 3 महीने हो चुके हैं लेकिन बीसीसीआई अभी टीम इंडिया के नए कोच की तलाश पूरी नहीं कर पाई है। हालांकि उसने नए कोच की नियुक्ति के लिए अपनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले कहा जा रहा था कि क्रिकेट की सलाहकार समिति जुलाई में टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे पर रवाना होने से कोचिंग स्टॉफ के बारे में अपना काम पूरा कर लेगी और नई कोचिंग स्टॉफ का चयन हो जाएगा।
लेकिन अब इसकी संभावना कम ही दिख रही है। कुछ दिन पहले अंग्रेजी अखबार हिंदुस्तान टाइम्स में छपी खबर के अनुसार, रवि शास्त्री ही टीम इंडिया के अगले मुख्य कोच होंगे। उनके नाम पर लगभग सहमति बन गई है और सिर्फ इसका ऐलान होना बाकी है।
पहले कहा गया था कि उनके नाम का ऐलान जुलाई में टीम इंडिया के जिम्बाब्वे दौरे पर जाने से पहले हो सकता है लेकिन दौरे पर दोयम दर्जे की टीम भेजे जाने के बाद इसकी उम्मीद खत्म हा गई है। खुद रवि शास्त्री भी इस दौरे पर नहीं जा रहे हैं।