भारत और इंग्लैंड के बीच आज यानी शुक्रवार से मैनचेस्टर के ओल्ड ट्रैफर्ड मैदान में पांचवां टेस्ट मैच खेला जाना था। लेकिन गुरुवार को भारतीय टीम के असिस्टेंट फिजियो योगेश परमार कोरोना से संक्रमित पाए गए। इसकी वजह से भारतीय टीम के अभ्यास सत्र को तत्काल प्रभाव से रद्द कर खिलाड़ियों को होटल में क्वारंटीन कर दिया गया। इसके बाद देर शाम भारतीय दल की आरटी-पीसीआर जांच की गई जिसमें सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई। हालांकि टीम के कई खिलाड़ियों ने महामारी के खतरे को देखते हुए खेलने से इंकार कर दिया।
शुक्रवार को मैच से पहले इस पूरे मामले पर दोनों बोर्ड के बीच कई दौर की बैठक हुई जिसमें मैच को फिलहाल के लिए रद्द करने का फैसला किया।
विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के तहत खेली जा रही पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में भारत के पास 2-1 की अजेय बढ़त है। भारतीय टीम ने लॉर्ड्स और ओवल में टेस्ट मुकाबले जीते जबकि इंग्लैंड ने लीड्स में बाजी अपने नाम की। वहीं नॉटिंघम में खेला गया पहला टेस्ट मैच आखिरी दिन बारिश की वजह से ड्रॉ पर खत्म हुआ।
भारत और इंग्लैंड के बीच मैनचेस्टर में होने वाला आखिरी टेस्ट मैच रद्द हो चुका है और अब इसे रिशेड्यूल के लिए बीसीसीआई और ईसीबी में चर्चा चल रही है। हालांकि इस साल इस मैच के होने की कोई अधिक संभावना नहीं है। भारतीय टीम का कार्यक्रम बहुत व्यस्तता भरा रहना वाला है। भारतीय खिलाड़ी 9 दिन बाद यूएई में आईपीएल में शामिल होंगे। उसके बाद अगले महीने से टी-20 वर्ल्ड कप में शामिल होंगे। इसके बाद न्यूजीलैंड की टीम भारत का दौरा करेगी और फिर दिसंबर-जनवरी में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका के दौरे पर जाएगी। ऐसे में अब अगले साल जब भारतीय टीम इंग्लैंड का दौरा करेगी तब उस दौरान वह बचा हुआ टेस्ट मैच खेल सकती है।