टेस्ट चैंपियनशिप का दूसरा फाइनल भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच होना है। टीम इंडिया लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंची है। हालांकि, भारतीय टीम खिताबी जंग से पहले परेशानी में फंसी हुई है। भारतीय टेस्ट टीम के तीन अहम खिलाड़ी चोटिल हैं। इनमें लोकेश राहुल, जयदेव उनादकट और उमेश यादव शामिल हैं। इन तीनों खिलाड़ियों की चोट पर बीसीसीआई ने अपडेट दिया है।
केएल राहुल
- फोटो : सोशल मीडिया
राहुल की जगह किशन को मौका
लोकेश राहुल की चोट को लेकर बीसीसीआई ने अपनी मीडिया रिलीज में बताया "एक मई को लखनऊ सुपरजाएंट्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच टाटा आईपीएल 2023 के 43वें मैच के दौरान फील्डिंग करते हुए केएल राहुल की दाहिनी जांघ में चोट लग गई थी। विशेषज्ञों से परामर्श के बाद, यह निर्णय लिया गया है कि राहुल जल्द से जल्द सर्जरी करवाएंगे और इसके लिए राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में रिहैब करेंगे। वह ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से बाहर हो गए हैं।" राहुल की जगह ईशान किशन को भारतीय टीम में शामिल किया गया है।
जयदेव उनादकट
- फोटो : सोशल मीडिया
उनादकट के खेलने पर अभी फैसला नहीं
जयदेव उनादकट की चोट पर बीसीसीआई ने कहा "जयदेव उनादकट का पैर नेट्स में गेंदबाजी करते समय रस्सी में फंस गया था और गिरने से उनके बाएं कंधे में चोट लग गई। उनकी चोट पर विशेषज्ञ से परामर्श मांगा गया है और बाएं हाथ का यह तेज गेंदबाज वर्तमान में बेंगलुरु में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में है और अपने कंधे के लिए स्ट्रेंथ और रिहैब सत्र से गुजर रहा है। टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल में उनके खेलने पर फैसला बाद में लिया जाएगा।"
उमेश यादव
- फोटो : सोशल मीडिया
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेंगे उमेश
उमेश यादव की चोट पर बीसीसीआई ने लिखा "उमेश यादव को 26 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच टाटा आईपीएल 2023 के 36वें मैच के दौरान बाएं पैर में हैमस्ट्रिंग की मामूली समस्या हुई है। तेज गेंदबाज वर्तमान में केकेआर मेडिकल टीम की देखरेख में है और उसने अपनी रिहैब प्रक्रिया के तहत कम तीव्रता वाली गेंदबाजी शुरू कर दी है। बीसीसीआई की मेडिकल टीम केकेआर की मेडिकल टीम के नियमित संपर्क में है और उमेश की प्रगति पर करीब से नजर रख रही है।"
टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, चेतेश्वर पुजारा, विराट कोहली, अजिंक्य रहाणे, केएस भरत (विकेटकीपर), रविचंद्रन अश्विन, रवींद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, उमेश यादव, जयदेव उनादकट, ईशान किशन (विकेटकीपर)।
स्टैंडबाय खिलाड़ी: ऋतुराज गायकवाड़, मुकेश कुमार, सूर्यकुमार यादव।