पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने गांगुली के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। दीदी ने ट्वीट किया, 'यह सुनकर दुख हुआ कि सौरव गांगुली को हल्का दिल का दौरा पड़ा और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उनके जल्द स्वस्थ होने की कामना करती हूं। गांगुली और उनके परिवार के लिए प्रार्थना करती हूं।'
गांगुली को उस समय अस्पताल में भर्ती कराया गया है जब संभवत: इस साल अप्रैल-मई में होने वाले राज्य विधान सभा चुनावों से पहले उनके राजनीति में उतरने को लेकर अटकलें तेज हैं। राज्य के राजनीतिक जगत से जुड़े लोगों के अनुसार गांगुली भारतीय जनता पार्टी से जुड़ सकते हैं।
इस पूर्व बल्लेबाज ने हालांकि राजनीति में आने को लेकर कभी अपने इरादे जाहिर नहीं किए। मैच फिक्सिंग के आरोपों में घिरने के बाद बिखराव के दौर से गुजर रही भारतीय क्रिकेट टीम को सौरव गांगुली के रूप में एक कुशल नेतृत्व मिला। युवराज सिंह, हरभजन सिंह, आशीष नेहरा, वीरेंद्र सहवाग, जहीर खान, मोहम्मद कैफ सरीखे खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने में 'दादा' की अहम भूमिका मानी जाती है।
2003 में अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को फाइनल तक पहुंचाने वाले गांगुली ने देश के साथ-साथ विदेशों में भी तिरंगा फहराने का काम किया। क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद वह प्रशासनिक सेवाओँ में आ गए। बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन की कमान संभाली फिर भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष बने।