सालान बैठक में यह भी फैसला किया गया कि सभी पुरुष और महिला प्रथम श्रेणी खिलाड़ियों को कोविड-19 महामारी के कारण संशोधित घरेलू सत्र को देखते हुए उपयुक्त मुआवजा दिया जाएगा। वहीं, बीसीसीआई कई महीनों के विलंब के बाद जनवरी में सैयद मुश्ताक अली टी20 चैंपियनशिप के साथ घरेलू सत्र शुरू करने की योजना बना रहा है।
राजीव शुक्ला बीसीसीआई के उपाध्यक्ष बने
इसके अलावा अन्य फैसलों में कांग्रेस के अनुभवी नेता राजीव शुक्ला को उत्तराखंड के माहिम वर्मा की जगह औपचारिक रूप से बोर्ड का उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया। यह भी पता चला है कि आम सभा ने आईसीसी बोर्ड में सौरव गांगुली के निदेशक के रूप में बकरार रहने के पख में फैसला किया है।
जय शाह होंगे आईसीसी में बीसीसीआई के प्रतिनिधि
वहीं, सचिव जय शाह वैकल्पिक निदेशक और वैश्विक संस्था की मुख्य कार्यकारियों की समिति में भारत के प्रतिनिधि होंगे। उधर, बीसीसीआई सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से कुछ स्पष्टीकरण के बाद बीसीसीआई क्रिकेट को 2028 ओलंपिक में शामिल करने की अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की कवायद का समर्थन करेगा।
बीसीसीआई से केपी राव की छुट्टी
बीसीसीआई ने महाप्रबंधक (खेल विकास) केवीपी राव को बर्खास्त कर दिया है। बता दें कि राव को इस्तीफा देने को कहा गया था। दरअसल, राव ने राज्य इकाइयों को व्यंग्यपूर्ण पत्र में बीसीसीआई को छोड़ने को अपना सबसे सुखद दिन करार दिया। जानकारी के अनुसार कोविड-19 महामारी के बीच उचित योजना नहीं बना पाना राव को बाहर करने के बड़े कारणों में से एक है। बिहार के पूर्व कप्तान राव लंबे समय से बीसीसीआई के साथ काम कर रहे हैं और घरेलू क्रिकेट के संचालन की मुख्य जिम्मेदारी उनके पास थी।