बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के क्रिकेट संचालन प्रमुख अकरम खान ने कुछ दिन पहले शाकिब अल हसन के आईपीएल में खेलने को लेकर बयान दिया था। अकरम खान ने कहा था कि वह आईपीएल में शाकिब अल हसन के खेलने पर उनकी एनओसी पर विचार करेंगे। लेकिन अब अकरम खान ने अपने बयान पर यू-टर्न लिया है। बीसीबी ने पुष्टि करते हुए कहा है कि शाकिब के खिलाफ ऐसी कोई कार्रवाई नहीं की जाएगी।
एक क्रिकेट वेबसाइट क्रिकबज से बात करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के निदेशक इस्माइल हैदर ने कहा, शाकिब के लिए एनओसी जस की तस रहेगी, वह आईपीएल खेलने के लिए जा सकते हैं। उनके इस बयान के बाद शाकिब के आईपीएल 2021 में खेलने की राह साफ हो गई है।
मौजूदा समय में शाकिब अल हसन आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स का हिस्सा हैं। वह इस महीने के अंत में केकेआर का कैंप ज्वाइन करेंगे। इस बार आईपीएल 9 अप्रैल से शुरू हो रहा है। शाकिब अपनी एनओसी के तहत 18 मई तक आईपीएल खेलेंगे। ऐसी उम्मीद की जा रही है कि उसके बाद उन्हें देश की तरफ से श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज में खेलना होगा। श्रीलंका के खिलाफ वनडे सीरीज 20 मई से शुरू होगी।
इससे पहले आईपीएल के चलते शाकिब अल हसन श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाएंगे। दोनों देशों के बीच ये टेस्ट सीरीज 21 अप्रैल से खेली जाएगी। बीते सप्ताह शाकिब ने आईपीएल में खेलने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि वह श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलने बांग्लादेश नहीं लौटेंगे। शाकिब ने ये भी कहा था कि उन्हें आईपीएल खेलने का फायदा टी-20 विश्व कप में मिलेगा।