आयुष बडोनी ने दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में शनिवार को उत्तरी दिल्ली स्ट्राइकर्स के खिलाफ अपनी रिकॉर्ड पारी पर राय रखी और सफलता का राज बताया है। साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के कप्तान बडोनी ने अपनी पारी में रिकॉर्ड 19 छक्के लगाए थे। बडोनी का मानना है कि वह अपनी शानदार टाइमिंग के कारण 55 गेंदों पर 165 रन की पारी खेलने में सफल रहे थे।
बडोनी ने लगाई थी रिकॉर्ड की झड़ी
बडोनी ने इस दौरान सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (120) के साथ दूसरे विकेट के लिए 286 रन की साझेदारी कर टी20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड बनाया। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में लखनऊ सुपर जाएंट्स के लिए खेलने वाले बडोनी ने 19 छक्के जड़े जो टी20 क्रिकेट का नया रिकॉर्ड है। टी20 मैच की किसी पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड इससे पहले संयुक्त रूप से वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और एस्टोनिया के साहिल चौहान के नाम था। दोनों बल्लेबाजों ने एक समान 18 छक्के लगाए थे। दाएं हाथ के 24 साल के इस खिलाड़ी की ताबड़तोड़ पारी के दम पर साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने यह मैच 112 रन से जीतकर सेमीफाइनल का टिकट कटाया।
बडोनी ने कहा, मैं बस गेंद को अच्छी तरह से हिट करने पर ध्यान दे रहा था, मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं एक पारी में 19 छक्के लगाऊंगा। मैं सिर्फ गेंद की टाइमिंग पर ध्यान देता हूं और गेंद को जोर से मारने की कोशिश नहीं करता। मैं अभी आईपीएल मेगा नीलामी के बारे में नहीं सोच रहा हूं। एक कप्तान के तौर पर मेरा ध्यान फिलहाल डीपीएल जीतने पर है।
उन्होंने कहा, 'आईपीएल में खेलने से डीपीएल एक बल्लेबाज के रूप में मेरे लिए काम बहुत आसान हो गया है। हम वहां विश्व स्तरीय गेंदबाजों का सामना करते हैं और फिर यहां आकर खेलना अपेक्षाकृत आसान हो जाता है।' लखनऊ सुपर जाएंट्स के सहायक कोच जोंटी रोड्स ने बडोनी की तुलना दक्षिण अफ्रीक के पूर्व आक्रामक सलामी बल्लेबाज हर्शल गिब्स से की है। बडोनी ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा, जोंटी और मेरे बीच बहुत अच्छे रिश्ते हैं। मैं इस तरह से तारीफ किए जाने पर उन्हें धन्यवाद करना चाहता हूं और बस इतना कहना चाहता हूं कि जल्द ही मिलेंगे जोंटीं।