Australia vs Pakistan 1st Test Day-1 Highlights: दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा बुधवार को ही कर दी थी। ऑस्ट्रेलिया की टीम काफी अनुभवी है। वहीं, पाकिस्तान की टीम नई है। शान मसूद पहली बार पाकिस्तानी टीम की कप्तानी कर रहे हैं। वहीं, दो तेज गेंदबाद खुर्रम शहजाद और आमिर जमाल डेब्यू कर रहे हैं।
पाकिस्तान की टीम फिलहाल ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर है। दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला पर्थ में खेला जा रहा है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान पैट कमिंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में पांच विकेट गंवाकर 346 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक एलेक्स कैरी 14 और मिचेल मार्श क्रीज 15 रन बनाकर क्रीज पर हैं।
विज्ञापन
वॉर्नर ने शतक लगाकर मिचेल जॉनसन को जवाब दिया है, जो इस सीरीज के लिए टीम में उनके चयन का विरोध कर रहे थे। यह वॉर्नर का आखिरी टेस्ट सीरीज है। ऐसे में जॉनसन उन्हें फेयरवेल सीरीज देने के खिलाफ थे। यह वॉर्नर के टेस्ट करियर का 26वां शतक रहा। आउट होने से पहले वॉर्नर ने 211 गेंद में 16 चौके और चार छक्के की मदद से 164 रन की पारी खेली।
ऑस्ट्रेलिया की पारी
इससे पहले वॉर्नर ने उस्मान ख्वाजा के साथ मिलकर लंच ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया का कोई विकेट नहीं गिरने दिया था।
दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 126 रन की साझेदारी हुई। वॉर्नर ने टेस्ट करियर का 37वां अर्धशतक लगाया।
ख्वाजा ने 98 गेंद में 41 रन की पारी खेली। उन्हें शाहीन अफरीदी ने विकेटकीपर सरफराज अहमद के हाथों कैच कराया।
वहीं, दूसरा विकेट मार्नस लाबुशेन के रूप में गिरा। वह 25 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हुए। लाबुशेन का विकेट फहीम अशरफ को मिला।
ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका स्टीव स्मिथ के रूप में लगा। स्मिथ पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खुर्रम शहजाद की गेंद पर विकेटकीपर सरफराज को कैच थमा बैठे। उन्होंने 60 गेंद पर 31 रन की पारी खेली। स्मिथ और वॉर्नर के बीच 79 रन की साझेदारी हुई।
ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका ट्रेविस हेड के रूप में लगा। वह 53 गेंद में छह चौके की मदद से 40 रन बनाकर आउट हुए।
वहीं, वॉर्नर को आमिर जमाल ने इमाम उल हक के हाथों कैच कराया। उन्होंने 164 रन की पारी खेली।
विज्ञापन
बुधवार को ही हुई थी टीम की घोषणा
दोनों टीमों ने अपनी प्लेइंग-11 की घोषणा बुधवार को ही कर दी थी। पाकिस्तान की प्लेइंग-11 में इमाम उल हक और अब्दुल्ला शफीक ओपनिंग करते दिखेंगे। वहीं, तीसरे नंबर पर शान मसूद, चौथे नंबर पर बाबर आजम, पांचवें नंबर पर सऊद शकील और विकेटकीपर बल्लेबाज के तौर पर सरफराज अहमद खेलते दिखेंगे। स्पिनर्स की भूमिका शकील के अलावा ऑलराउंडर सलमान अली आगा निभा रहे हैं। टीम में चार तेज गेंदबाज हैं। ऑलराउंडर फहीम अशरफ के अलावा शाहीन अफरीदी, आमिर जमाल और खुर्रम शहजाद तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। वहीं, ऑस्ट्रेलियाई टीम की कमान पैट कमिंस संभाल रहे हैं। वहीं, प्लेइंग-11 में भी दो-दो उपकप्तान बनाए गए हैं। स्टीव स्मिथ के साथ ट्रेविस हेड को भी उपकप्तान नियुक्त किया गया है। मिचेल स्टार्क, पैट कमिंस और हेजलवुड तेज गेंदबाजी का जिम्मा संभालेंगे। नाथन लियोन बतौर स्पेशलिस्ट स्पिनर खेल रहे हैं।
पहले टेस्ट में ऑफ स्पिनर नाथन लियोन की नजरें 500 टेस्ट विकेट हासिल करने पर लगी होंगी। ऑस्ट्रेलिया के अनुभवी गेंदबाज लियोन के 496 विकेट हो चुके हैं। टेस्ट क्रिकेट में 500 से अधिक विकेट लेने वाले ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों में सिर्फ शेन वॉर्न (708) और ग्लेन मैक्ग्रा (563) हैं। पाकिस्तानी टीम ऑस्ट्रेलिया में कभी अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सकी है। दोनों टीमों के बीच ऑस्ट्रेलिया में हुए मुकाबलों में से ऑस्ट्रेलिया ने 26 और पाकिस्तान ने चार जीते हैं जबकि सात मैच ड्रॉ रहे।
दोनों टीमों की आखिरी टक्कर 2022 में पाकिस्तान में हुई थी जब ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की सीरीज 1-0 से जीती थी। ऑस्ट्रेलिया इस सीरीज में विश्व टेस्ट चैंपियन के तौर पर और पूरी मजबूत टीम लेकर उतर रहा है। मिचेल मार्श ने ऑलराउंडर के तौर पर कैमरन ग्रीन की जगह ली है और लियोन चोट से उबरकर वापसी कर रहे हैं।