पांच मैचों की एशेज सीरीज में शर्मनाक हार के बाद अब ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम को एक और हार टालने के लिए संघर्ष करना होगा।
36 साल में पहली बार किसी एशेज सीरीज में एक भी टेस्ट मैच नहीं जीत पाने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम के पास अगली चुनौती फटाफट क्रिकेट ट्वंटी-20 में भी हार के सिलसिले को खत्म करना है।
20-20 ओवर के इस संस्करण में ऑस्ट्रेलिया को पिछले लगातार पांच मैचों में हार का मुंह देखना पड़ा है। साथ ही कंगारू टीम का द्वीपक्षीय टी-20 सीरीज में भी खराब रिकॉर्ड है।
दोनों टीमों के बीच अब तक आठ मैच खेले गए हैं जिसमें ऑस्ट्रेलिया ने तीन और इंग्लैंड ने भी तीन मैच जीते हैं। दो मैचों के परिणाम नहीं निकले।
जून 2010 से लेकर अब तक ऑस्ट्रेलिया ने 19 मैच खेले हैं जिसमें टीम के खाते में महज पांच जीत ही आई है।
माइकल क्लार्क की जगह पर कंगारू टीम की कमान जॉर्ज बैली के हाथों में है। जबकि इंग्लैंड की कमान तेज गेंदबाज स्टुअर्ट ब्रॉड के पास है।
दोनों देशों के बीच दो मैचों की टी-20 सीरीज गुरुवार से शुरू हो रही है।
इंग्लैंड ने अपने देश में 13 जून, 2005 को ऑस्ट्रेलिया को 100 रनों के बड़े अंतर से हराया था।