बॉल टेंपरिंग विवाद में दोषी पाए गए स्मिथ-वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट के बैन के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम के हेड कोच डैरेन लेहमन ने इस्तीफा देने की घोषणा कर दी है। दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच होने वाला अंतिम टेस्ट उनका आखिरी मैच रहेगा, जिसमें वह बतौर हेड कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गौरतलब है कि बॉल टेंपरिंग विवाद को लेकर कोच लेहमन ने मीडिया से बातचीत में कहा था, 'तीनों खिलाड़ियों को गंभीर सजा दी गई है। उन्होंने बहुत बड़ी गलती की, लेकिन वे लोग बुरे नहीं हैं। कोच के रूप में मुझे उनके और उनके परिवार के लिए बुरा लग रहा है। हां, उन लोगों ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट को शर्मसार किया। मुझे लगता है कि इस पूरे प्रकरण में मीडिया और प्रशंसकों को यह नहीं भूलना चाहिए।'
आगे उन्होंने ये भी कहा था, 'इस तरह की गलती बहुतों ने की है और ये युवा हैं। इन्होंने अपनी गलती मान ली है। मैं उम्मीद करता हूं कि लोग उन्हें दूसरा मौका देंगे। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन बेनक्रॉफ्ट को गेंद से छेड़छाड़ करते हुए कैमरे में कैद कर लिया गया था।
मीडिया से बातचीत में स्टीव स्मिथ ने बॉल टेंपरिंग के विवाद को स्वीकार भी किया था। जिसके बाद तीनों खिलाड़ियों पर बैन लगाया गया। स्मिथ से कप्तानी भी छीन ली गई। साथ ही साथ डेविड वॉर्नर को भी उप-कप्तान से हटा दिया गया। इतना ही स्मिथ पर मैच फीस का 100 और बैनक्रॉफ्ट पर 75 फीसदी का जुर्माना भी लगाया गया। इतना ही नहीं स्मिथ और वॉर्नर को आईपीएल से भी बाहर कर दिया गया।