ऑस्ट्रेलिया ने दूसरी पारी के पहले चार विकेट सिर्फ 16 रन पर गंवा दिए थे लेकिन स्टीव स्मिथ और मिचेल मार्श के बीच 153 रन की साझेदारी की मदद से मेजबान ने पाकिस्तान के खिलाफ दूसरे क्रिकेट टेस्ट के तीसरे दिन 241 रन की अहम बढ़त बना ली। तीसरे दिन का खेल समाप्त होने पर मार्श 96 और स्मिथ 50 रन बनाकर खेल रहे थे। ऑस्ट्रेलिया ने छह विकेट 187 रन पर गंवा दिए थे।
मार्श अपने चौथे टेस्ट शतक से महज चार रन दूर रह गए जबकि स्मिथ ने एशेज के बाद पहला अर्धशतक 176 गेंदों पर पूरा किया जो उनके करियर का दूसरा सबसे धीमा अर्धशतक है। पाकिस्तान की टीम ऑस्ट्रेलियाई धरती पर लगातार 16वीं टेस्ट हार से बचने का प्रयास कर रही है।
कमिंस के 10वीं बार पांच विकेट
इससे पहले कप्तान पैट कमिंस ने टेस्ट क्रिकेट में दसवीं बार पारी के पांच विकेट लेकर ऑस्ट्रेलिया को पहली पारी में 54 रन की बढ़त दिलाई। ऑस्ट्रेलिया के पहली पारी के 318 रन के जवाब में पाकिस्तान ने पहली पारी में 264 रन बनाए थे। पाकिस्तानी गेंदबाजों ने पहली पारी में 52 रन अतिरिक्त दिए थे। स्पिनर नाथन लियोन ने 73 रन देकर चार विकेट चटकाए। पाकिस्तान ने हालांकि पारी के ब्रेक के बाद वापसी करते हुए उस्मान ख्वाजा (0) और मार्नस लाबुशाने (05) के विकेट लिए। लंच के समय तक उसके पास 60 रन की बढ़त थी।
पाकिस्तान के लिए दोनों विकेट तेज गेंदबाज शाहीन शाह आफरीदी ने लिए और विकेटकीपर मोहम्मद रिजवान ने कैच लपका। इसके बाद मार्श और स्मिथ ने पारी को संभाला।